नेत्र जाँच एवं मोतियाबिंद पर प्रशिक्षण..

कबीरधाम, छत्तीसगढ़। ग्रामीण नेत्र स्वास्थ्य को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में, नेत्र वसंत रूरल आई प्रोग्राम के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, बोड़ला के मार्गदर्शन में जन कल्याण सामाजिक संस्थान ने साइट सेवर इंडिया, के सहयोग से मितानिन कार्यकर्ता, ANM, MAS, MT के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम ग्राम तरेगांव जंगल, ब्लॉक बोड़ला में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में 55 मितानिन कार्यकर्ताओं और स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओ ने भाग लिया। कार्यक्रम में संस्था के हरीश क्षत्री ने दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों के मोतियाबिंद रोगियों, विशेषकर बैगा समुदाय के लोगों की पहचान और उन्हें निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन सुविधा प्रदान करने पर जोर दिया। मरीजों के लिए नि:शुल्क परिवहन, भोजन और रहने की सुविधा उपलब्ध कराये जाने की जानकारी प्रदान की।

प्रभात कुमार गुप्ता, नेत्र अधिकारी, उदयाचल ने मितानिन कार्यकर्ताओं को मोतियाबिंद के लक्षण, कारण और बचाव व उपाय से अवगत कराया, ताकि वे रोगियों की समय पर पहचान कर उन्हें सही मार्गदर्शन दे सकें। डॉ. प्रतिमा जांगड़े ने मितानिन कार्यकर्ताओं, ANM, RHO और MT प्रशिक्षकों को बोड़ला ब्लॉक को मोतियाबिंद मुक्त ब्लॉक बनाने में उनके योगदान की अहमियत भी बताई। कार्यक्रम का समापन कम्युनिटी मोबिलाइजर जय प्रकाश पोर्ते द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया, जिसमें सभी अधिकारियों, प्रशिक्षकों और मितानिन कार्यकर्ताओं के सहयोग और समर्पण की सराहना की गई और धन्यवाद ज्ञापित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सुपरवाइजर संतोष चौधरी, श्रीमती कलियारी जी, मितानिन ट्रेनर रामकुमारी पोर्ते, यशोदा झरिया, नेत्र सहायक देवलाल बंजारे विशेष रूप से उपस्थित थे।

Exit mobile version