सूरजपुर। जिले की पुलिस द्वारा ‘न्याय की ओर मजबूत कदम’ पहल के तहत नए आपराधिक कानूनों की 5 दिवसीय प्रदर्शनी सूरजपुर कोतवाली परिसर में लगाई गई है। इसका शुभारंभ गुरुवार, 27 नवम्बर को किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य युवाओं, छात्रों और नागरिकों को नए कानूनों की बारीकियों, आधुनिक पुलिसिंग तकनीक और डिजिटल सिस्टम की जानकारी देना है।
शुक्रवार को कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राएँ और नगर के कई गणमान्य नागरिक प्रदर्शनी में पहुंचे। यहां उन्होंने भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के प्रमुख प्रावधानों को करीब से समझा। छात्रों में कानूनी जागरूकता बढ़ी और न्याय प्रणाली के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ।
नए कानूनों की अहम जानकारी
डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि “कानून सिर्फ किताबों में नहीं, बल्कि युवाओं और नागरिकों की समझ में भी रच-बस गया है।”
प्रदर्शनी में लोगों को बताया गया—
- अब किसी भी राज्य में घटना होने पर एफआईआर दूसरे राज्य में भी दर्ज कराई जा सकती है।
- नए कानूनों से अदालतों में फैसले जल्द होंगे।
- ई-फोरेंसिक्स और ई-प्रॉसिक्यूशन जैसी डिजिटल तकनीकों से जांच और अभियोजन प्रक्रिया तेज व पारदर्शी होगी।
- ई-एफआईआर, डिजिटल साक्ष्य, और अपराध स्थल पर ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग की अनिवार्यता के बारे में विस्तार से समझाया गया।
युवाओं को मिला नया सीखने का मंच
पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनी में तैनात रहकर छात्रों और नागरिकों को सभी नए प्रावधानों की जानकारी दी। इस पहल से युवाओं में कानूनी साक्षरता बढ़ी है और उनमें न्याय व्यवस्था के प्रति आत्मविश्वास भी मजबूत हुआ है।
यह प्रदर्शनी आने वाले दिनों में भी लोगों को नए कानूनों को समझने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने का अवसर प्रदान करेगी।





