भिलाई। मैत्री बाग चिड़ियाघर में सोमवार, 1 दिसम्बर 2025 की प्रातःकालीन समय में सफेद बाघिन जया की आकस्मिक मृत्यु हो गई, जिससे चिड़ियाघर प्रशासन और वन विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। चिड़ियाघर प्रबंधन ने घटना की जानकारी तत्काल वनमंडलाधिकारी, दुर्ग को दी, जिसके बाद आवश्यक प्रक्रियाएँ तुरंत शुरू की गईं।
वनमंडलाधिकारी, दुर्ग की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में दोपहर को जया का पोस्टमार्टम शासकीय चिकित्सकों और वाइल्ड लाइफ एक्सपर्ट्स की विशेषज्ञ टीम द्वारा किया गया। पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और वन्यजीव संरक्षण के प्रोटोकॉल के तहत की गई। विशेषज्ञों ने बाघिन के स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं और मृत्यु के कारणों का गहराई से परीक्षण किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा, जिसका वन विभाग आगे विश्लेषण करेगा।
पोस्टमार्टम के बाद जया का दाह संस्कार वन परिक्षेत्र अधिकारी की उपस्थिति में सम्पन्न किया गया। पूरे कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों ने नियमों और संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखा। जया मैत्री बाग में पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही थी और उसकी मौत से चिड़ियाघर के कर्मचारियों एवं पशुप्रेमियों में दुख व्याप्त है।
मैत्री बाग प्रशासन ने बताया कि जया की स्थिति पर पिछले दिनों लगातार निगरानी रखी जा रही थी और उसके स्वास्थ्य को लेकर आवश्यक देखभाल भी की जा रही थी। इसके बावजूद उसकी अचानक हुई मौत सभी के लिए आघातपूर्ण रही। वन विभाग पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करेगा।




