16 छात्राओं का हुआ है चयन
ड्रोन शो के साथ-साथ अनेक एडवेंचर गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है
जंबूरी छात्रों को सकारात्मक ऊर्जा देकर आत्मविश्वास बढ़ाता है: डॉ. अजय आर्य
दुर्ग। केंद्रीय विद्यालय संगठन रायपुर संभाग के छात्र-छात्राओं ने लखनऊ में आयोजित 19वीं जंबूरी में अपने उत्कृष्ट हुनर, रचनात्मकता और जीवंत प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। स्टेट गेट के निर्माण में ऋषभ चतुर्वेदी (नया रायपुर) ने विशेष भूमिका निभाई। गेम क्राफ्ट और पॉप सामग्री का उपयोग करते हुए वन्य जीव-जंतुओं की आकर्षक आकृतियों के साथ निर्मित यह स्टेट गेट प्रतिभागियों और आगंतुकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
कल आयोजित मुख्य सत्र में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘जब 40 हजार से अधिक सेवा, भावना और समर्पण से भरे युवा एकत्रित होते हैं तो देश आशा और विश्वास से भर उठता है। समाज और राष्ट्र विकास के लिए युवाओं पर भरोसा करता है, तब सकारात्मक परिवर्तन और प्रगति की सुदृढ़ नींव रखी जाती है।’

जंबूरी में रायपुर संभाग की ओर से भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं में सुजल वर्मा (डोंगरगढ़), ऋषभ वर्मा (भिलाई), आदर्श कुमार (दुर्ग) ऋषभ चतुर्वेदी (नया रायपुर), शिवम राय (कोरबा), मोहनीश लेशर (बिलासपुर), संभव प्रताप उपाध्याय (बिलासपुर) और कृष्णकांत (जांजगीर) शामिल हैं। प्रतिदिन प्रातः शत्रुघ्न एवं डॉ. अजय आर्य बच्चों के साथ बी.पी-6 एक्सरसाइज के लिए ग्राउंड में एकत्रित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘मिनी भारत की विविध संस्कृति, विचार, खान-पान, भाषा और रहन-सहन को निकट से देखने का यह अद्भुत अवसर है। टेंट में कम साधनों में रहकर जीवन कौशल, आत्मनिर्भरता और टीम भावना का विकास होता है।’ छात्राओं ने आज छत्तीसगढ़ की पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य अभ्यास भी किया, जिसने सभी का मन मोह लिया।
केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा आयोजित प्री-जंबूरी के सफल आयोजन पर सभी अनुरक्षक शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भूवन बाबू (राज्य संगठन आयुक्त), एस.एस. पालिया, अभिषेक चौधरी, सियाराम यादव (एस.टी.सी.) तथा प्रमोद (ए.एस.ओ.सी. लखनऊ) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
प्री जंबूरी के सफल आयोजन में प्रमुख अधिकारियों का उल्लेखनीय योगदान रहा, जिनमें एस.के. अग्रवाल (प्राचार्य, गोमतीनगर लखनऊ), विजय कुमार (सहायक आयुक्त, के.वी.एस. लखनऊ एवं उप मंडलीय आयुक्त बीएस&G लखनऊ), तथा श्रीमती सोना सेठ (उप आयुक्त के.वी.एस. लखनऊ एवं मंडलीय आयुक्त बीएस&G लखनऊ) शामिल हैं।
छात्र-छात्राओं ने पिछले रात रोमांचकारी ड्रोन शो का भी आनंद लिया, जिसमें ड्रोन के माध्यम से स्काउट-गाइड की गतिविधियों, 19वीं जंबूरी की प्रमुख झलकियों और एडवेंचर गतिविधियों का अद्भुत प्रदर्शन किया गया। पूरा आसमान जंबूरीमय उत्साह और रोशनी से भर उठा। स्काउट के पूर्व कमिश्नर डॉ. बी.के. तिवारी ने छत्तीसगढ़ दल से विशेष रूप से मुलाकात करते हुए कहा कि ‘मेरा छत्तीसगढ़, विशेषकर दुर्ग और रायपुर से आत्मीय संबंध रहा है। छत्तीसगढ़ की संस्कृति अपनी सरलता और विशिष्ट पहचान के लिए पूरे देश में सम्मानित है।’
यह राष्ट्रीय जंबूरी न केवल युवा शक्ति का प्रदर्शन है, बल्कि अनुशासन, सेवा, टीम भावना, नेतृत्व और राष्ट्र एकता की प्रेरणा का उत्कृष्ट उदाहरण भी है। गाइड में साक्षी साहू, अनुष्का शर्मा, गरिमा वर्मा, रिया ठाकुर, आरुषि शाह, ज्योति बंदे, मानवी सोनी और अनुग्रह बंजारे ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। इनकी अनुरक्षिका डॉ मोना अली हैं।