भिलाई भारत की अग्रणी इस्पात उत्पादक कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) को फरवरी 2026 से फरवरी 2027 की अवधि के लिए प्रतिष्ठित ‘ग्रेट प्लेस टू वर्क’ प्रमाणन से सम्मानित किया गया है। संगठन में सुदृढ़ कार्य-संस्कृति, पारदर्शिता और कर्मचारियों के विश्वास की परिचायक यह उपलब्धि सेल को लगातार तीसरे वर्ष प्राप्त हुई है।
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र में यह प्रमाणपत्र निदेशक प्रभारी, चित्त रंजन महापात्र को कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (एचआर-वर्क्स) संजय द्विवेदी तथा उप महाप्रबंधक (एचआर-मिल्स ,एम एंड एस) प्रताप शेखर नायक भी उपस्थित थे।
निदेशक प्रभारी ( भिलाई इस्पात संयंत्र) चित्त रंजन महापात्र ने कहा कि यह मान्यता सेल की सभी इकाइयों में विश्वास, पारदर्शिता एवं कर्मचारी सहभागिता पर आधारित कार्य-संस्कृति के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित करती है। उन्होंने उल्लेख किया कि भिलाई इस्पात संयंत्र ने सहभागितापूर्ण प्रबंधन पद्धतियों को सुदृढ़ करने तथा कंपनी के मूल्यों के अनुरूप सकारात्मक एवं उच्च-प्रदर्शनकारी कार्य वातावरण विकसित करने में सक्रिय भूमिका निभाई है।

यह प्रमाणन ‘ग्रेट प्लेस टू वर्क’ संस्थान द्वारा कर्मचारियों से प्राप्त फीडबैक पर आधारित व्यापक मूल्यांकन के उपरांत प्रदान किया गया है। ट्रस्ट इंडेक्स सर्वेक्षण के माध्यम से किए गए इस आकलन में वर्ष 2026 में सेल का ट्रस्ट इंडेक्स स्कोर बढ़कर 83 हो गया, जो वर्ष 2025 में 77 तथा वर्ष 2024 में 73 था। यह वृद्धि नेतृत्व एवं कार्य-संस्कृति के प्रति कर्मचारियों के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है। सर्वेक्षण में सेल के लगभग 3,100 कर्मचारियों ने भाग लिया, जिनमें से लगभग 900 कर्मचारी भिलाई इस्पात संयंत्र से थे।




