महर्षि दयानंद आर्य विद्यालय, सेक्टर-6 का सालाना स्पोर्ट्स डे 21 जनवरी को स्कूल मैदान में बड़े उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत अनुशासित और आकर्षक मार्च पास्ट से हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अवनी भूषण पुरंग एवं विशेष अतिथि रवि आर्य उपस्थित रहे। साथ ही आर्य समाज के सदस्य प्रवीण गुप्ता एवं कमलेश आर्य की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
मुख्य अतिथि अवनी भूषण पुरंग ने अपने उद्बोधन में खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता को नहीं बढ़ाते, बल्कि जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि “एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है और खेल बच्चों को जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी

कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने मार्च पास्ट, दौड़, कबड्डी, स्लो साइकिलिंग, भाला फेंक एवं जलेबी दौड़ जैसे विभिन्न खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेष आकर्षण के रूप में माता-पिता एवं शिक्षकों के लिए भी दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने बड़े उत्साह से सहभागिता निभाई।
स्लो साइकिलिंग प्रतियोगिता में शिवांश, शिवा एवं वरशित विजेता रहे, जबकि जलेबी दौड़ (कक्षा 1) में आरुष महतो, श्रीधर एवं ऋषभ ने सफलता हासिल की। कबड्डी प्रतियोगिता में दयानंद सदन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजय प्राप्त की।
कार्यक्रम का समापन विद्यालय की प्राचार्य अंजू ठाकुर द्वारा दिए गए धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन के. राजी ने किया।