सरस्वती साइकिल योजना के तहत निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम सम्पन्न,
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी “सरस्वती साईकिल योजना” के अंतर्गत ब्लॉक के विभिन्न हाईस्कूलों बफरा, मड़ौदा एवं अतरिया में अध्ययनरत कक्षा 9वीं की छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरण किया गया।। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।।
कार्यक्रम के दौरान जब छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई, तो उनके चेहरों पर मुस्कान खिल उठी।।छात्राओं ने साइकिल पाकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद संतोष पाण्डे के प्रति आभार व्यक्त किया।। उन्होंने कहा कि अब उन्हें स्कूल आने-जाने में कोई कठिनाई नहीं होगी और वे नियमित रूप से पढ़ाई कर सकेंगी।।

इस योजना की सराहना करते हुए छात्राओं ने कहा कि पहले दूर-दराज के गांवों से स्कूल आना बहुत कठिन होता था, लेकिन अब साइकिल मिलने से समय की भी बचत होगी और सुरक्षा की दृष्टि से भी यह बहुत उपयोगी सिद्ध होगी।।
अपने संबोधन में विक्रांत सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है।। सरस्वती साइकिल योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है,कि किसी भी छात्रा की शिक्षा केवल आने-जाने की असुविधा के कारण बाधित न हो।। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि हमारी बेटियां आत्मनिर्भर बनें और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ें। इस तरह की योजनाएं उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में एक मजबूत आधार प्रदान करती हैं।।
कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इस अवसर पर हरप्रसाद वर्मा, देवकुमार सेन, जमुना कुर्रे, नरेश कुर्रे, बिमला वर्मा, जितेंद्र वर्मा, मुकेश वर्मा, केशव वर्मा, और नरेश वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना की और छात्राओं को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।। ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी इस योजना को अत्यंत लाभकारी बताया और कहा कि इससे समाज में बालिकाओं की शिक्षा को नया आयाम मिलेगा।।