मतदान कल सुबह 10:00 बजे से
नगर प्रतिनिधि
राजनांदगांव। प्रेस क्लब राजनांदगांव का चुनाव अब शबाब पर पहुंच चुका है। तीन पदों के लिए 10 प्रत्याशी मैदान में है। अध्यक्ष पद के लिए सीधी टक्कर है। कोषाध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में है जबकि सचिव पद के लिए सबसे ज्यादा पांच प्रत्याशी मैदान में है। नाम वापसी के अंतिम दिन आज शाम 5:00 बजे तक तीन पदों के लिए 7 प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिए।
निर्वाचन अधिकारी श्री उमाकांत भारद्वाज ने बताया कि आज दोपहर 2:00 बजे तक नामांकन पत्र दाखिला और शाम 5:00 बजे तक नाम वापसी का मौका था और कुल सात लोगों ने विभिन्न पदों से अपनी दावेदारी वापस ले ली है। आज अध्यक्ष पद से अजय सोनी, ऋषि मिश्रा जग्गा,संजय सिंह राजपूत ने, कोषाध्यक्ष पद से मनोज राठौर एवं दीपक कुमार साहू तथा सचिव पद से आलोक शर्मा एवं दीपक कुमार साहू ने अपने नाम वापस ले लिए हैं। अब अध्यक्ष पद के दावेदार के रूप में सचिन अग्रहरि एवं कमलेश स्वर्णकार, कोषाध्यक्ष पद के दावेदार के रूप में बसंत शर्मा, रवि सिंह ठाकुर एवं प्रमोद कुमार शेंडे तथा सचिव पद के दावेदार के रूप में अनिल त्रिपाठी विक्रम बाजपेई, योगेश शर्मा, सुरेंद्र गुप्ता एवं मनोज राठौर मैदान में हैं।
भारद्वाज ने बताया कि चुनाव कार्य में अधिवक्ता मनोज चौधरी,विमल हाजरा, गुनेंद्र साव, खेमराज वर्मा, मनीष तिवारी, सुनीता वर्मा सहित अन्य का सहयोग मिल रहा है। उन्होंने बताया कि मतदान 15 मार्च को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक होगा। इसके बाद मतगणना होगी और परिणामों की घोषणा की जाएगी। उन्होंने बताया कि मत पत्र में नाम अल्फाबेटिक होंगे। उन्होंने बताया कि परिणामों की घोषणा होने के बाद विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र विपरीत किए जाएंगे।
