भिलाई। आज छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा आमजन के उपयोग हेतु “पुलिस सशक्त” एप का शुभारंभ किया गया। यह ऐप चोरी हुए वाहनों की जानकारी और डेटाबेस संग्रहण की एक आधुनिक प्रणाली है, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों और व्यापारियों को पुलिस के साथ जोड़कर अपराध नियंत्रण में सहयोगी बनाना है।
इस एप के लॉन्चिंग कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, भिलाई इकाई की पूरी टीम को आमंत्रित किया गया और चेम्बर ने सक्रिय रूप से सहभागिता निभाई। इस एप के माध्यम से हर व्यापारी और आमजन अपने मोबाइल पर इसे प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। एप का उपयोग करते हुए यदि कोई संदिग्ध वाहन दिखाई देता है तो तुरंत पुलिस को सूचना दी जा सकेगी। इससे अपराधियों में दहशत का माहौल बनेगा और चोरी की घटनाओं पर रोकथाम में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में भी चेम्बर ने पुलिस की विभिन्न योजनाओं और अभियानों में सहयोग दिया है। एसपी साहब ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि जब शहर में “हर दुकान कैमरा” अभियान चलाया गया था, जिसमें चेम्बर ने अग्रणी भूमिका निभाई। व्यापारियों से आग्रह कर हर दुकान में कैमरे लगाने और उनका सही दिशा में उपयोग सुनिश्चित करने में चेम्बर ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। आज पूरे शहर की दुकानें कैमरों से लैस हैं, जिससे अपराध नियंत्रण में बड़ी मदद मिली है।
इस अवसर पर चेम्बर की टीम के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे जिनमें प्रदेश महामंत्री अजय भसीन, अध्यक्ष गार्गी शंकर मिश्र, भोलानाथ सेठ, सुभाष साहू, कुलदीप लालवानी, शम्मी जी और चिन्ना राव शामिल थे। सभी ने पुलिस सशक्त एप के लॉन्चिंग में भाग लेकर इसे समाज और व्यापार जगत के लिए उपयोगी बताया।




