Wednesday, March 4, 2026

संगठन संस्कार है, सत्ता नहीं—साधारण कार्यकर्ता से राष्ट्रीय अध्यक्ष तक की यात्रा पर नया संकल्प;

आलोक तिवारी!!


नई दिल्ली।भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने पहले संदेश में संगठन की आत्मा, कार्यकर्ता की ताकत और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को स्पष्ट शब्दों में रखा। उन्होंने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी में संगठन केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि एक संस्कार है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में मेरा निर्वाचन किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि एक साधारण कार्यकर्ता की असाधारण यात्रा को मिला सम्मान है।”

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने इस नई जिम्मेदारी के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए संगठन पूरी एकजुटता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा। उन्होंने जेपी नड्डा के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में भाजपा ने संगठनात्मक विस्तार, सेवा की संस्कृति और कार्यकर्ता-आधारित राजनीति को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाया।

अपने संबोधन में उन्होंने भाजपा की सबसे बड़ी विशेषता को रेखांकित करते हुए कहा कि यह देश की एकमात्र पार्टी है जहाँ बड़े पदों के लिए किसी विशेष परिवार से होना जरूरी नहीं, बल्कि साधारण कार्यकर्ता होना ही सबसे बड़ी योग्यता है। यही कारण है कि भाजपा में एक सामान्य परिवार का व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री बन सकता है और एक कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे दायित्व तक पहुँच सकता है।

उन्होंने भाजपा की वैचारिक यात्रा को स्मरण करते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान, पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद, अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्श और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्णायक नेतृत्व से प्रेरित यह संगठन हमेशा राष्ट्र प्रथम के संकल्प पर आगे बढ़ा है।

युवाओं को संदेश देते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन ने कहा कि राजनीति 100 मीटर की दौड़ नहीं, बल्कि एक लंबी मैराथन है, जिसमें धैर्य, स्टेमिना और निरंतरता की आवश्यकता होती है। भाजपा ने हमेशा युवा शक्ति पर भरोसा किया है और उन्हें नेतृत्व के अवसर दिए हैं।

उन्होंने कहा कि सेवा, विस्तार और कार्यकर्ता सशक्तिकरण की यह यात्रा प्रधानमंत्री मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के संगठनात्मक मार्गदर्शन तथा करोड़ों कार्यकर्ताओं के परिश्रम से आगे बढ़ रही है।

अंत में उन्होंने हर भाजपा कार्यकर्ता को राष्ट्र निर्माण का सिपाही बताते हुए कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना ही हमारा स्पष्ट लक्ष्य है। चुनौतियाँ आएंगी, लेकिन भाजपा का कार्यकर्ता कभी डगमगाता नहीं, क्योंकि वह सत्ता नहीं, सेवा और संकल्प की राजनीति करता है।

“मुझे गर्व है कि मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूँ, मुझे गर्व है कि मैं इस महान संगठन का हिस्सा हूँ।”
— इसी उद्घोष के साथ उन्होंने संदेश का समापन जय भाजपा, जय भारत के नारे के साथ किया।

ताज़ा ख़बरें

खबरें और भी हैं...

अतिरिक्त ख़बरें