Wednesday, March 4, 2026

दुर्ग में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार, तीसरा फरार

दुर्ग। भारत बनाम साउथ अफ्रीका क्रिकेट मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालित किए जाने की सूचना पर सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस और एसीसीयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरोह द्वारा 50 लाख रुपये से अधिक की सट्टा गतिविधि संचालित किए जाने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस को 22 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि असरफ नगर, तकियापारा स्थित एक मकान में लाइव मैच के दौरान हार-जीत पर ऑनलाइन दांव लगाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। मौके पर एलईडी टीवी पर लाइव मैच प्रसारित हो रहा था और मोबाइल फोन के जरिए रुपये का दांव लगाकर सट्टा खिलाया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहेल अहमद खान उर्फ मामू (35 वर्ष), निवासी असरफ नगर तकियापारा दुर्ग तथा संतोष कुमार गोंड़ (38 वर्ष), निवासी रूआबांधा कुदरापारा वार्ड नं. 04 भिलाई के रूप में हुई है। फरार आरोपी का नाम शाहिल उर्फ सोनू (31 वर्ष), निवासी असरफ नगर तकियापारा दुर्ग बताया गया है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस ने मौके से एक लैपटॉप, एलईडी टीवी, चार मोबाइल फोन, डीवीआर, मोबाइल चार्जर, जियो सेटअप बॉक्स, वाई-फाई राउटर, नगद 5 हजार रुपये तथा सट्टे का हिसाब-किताब दर्ज रजिस्टर जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 2,70,500 रुपये आंकी गई है।

आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 90/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4, 6, 7 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना स्टाफ एवं एसीसीयू टीम की विशेष भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध जुआ या सट्टा गतिविधियों में शामिल न हों तथा ऐसी सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

ताज़ा ख़बरें

खबरें और भी हैं...

अतिरिक्त ख़बरें