आयुक्त ने साइकिल से किया वैशाली नगर जोन का औचक निरीक्षण, सफाई व्यवस्था परखी

सुबह-सुबह सड़कों पर उतरी निगम टीम, कचरे में आग लगाने पर जताई नाराजगी

भिलाई नगर: वार्डों की जमीनी हकीकत जानने के लिए नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय शनिवार सुबह साइकिल से वैशाली नगर जोन-2 के औचक निरीक्षण पर निकले। निरीक्षण जोन-2 कार्यालय से शुरू होकर भगत सिंह चौक होते हुए वापस कार्यालय पर समाप्त हुआ। सुबह-सुबह साइकिल पर आयुक्त को देख नागरिकों में कौतूहल रहा, वहीं निगम अमला अलर्ट दिखा।

इन इलाकों का किया दौरा
आयुक्त ने जोन-2 कार्यालय से शारदा विद्यालय रामनगर, गौरव पथ, गुरुनानक मार्केट, हेमु कल्याणी चौक, गोल मार्केट, राम जानकी मंदिर, वैशाली नगर थाना होते हुए दशहरा मैदान हनुमान मंदिर तक निरीक्षण किया। इसके बाद हनुमान मंदिर सड़क-9 से सेंट जेवियर्स स्कूल, शांति नगर, सद्भावना चौक, जीरो रोड होते हुए भगत सिंह चौक पहुंचे। वहां से पूर्व विधायक स्व. भसीन सड़क मार्ग से वापस जोन कार्यालय लौटे।

कचरे में आग पर जताई नाराजगी
भ्रमण के दौरान आयुक्त ने सड़कों की सफाई, नालियों की स्थिति और कचरा संग्रहण व्यवस्था का मुआयना किया। असामाजिक तत्वों द्वारा कचरे में लगाई गई आग को तत्काल बुझाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को साफ कहा कि जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। वार्डों में नियमित सफाई और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण प्राथमिकता होनी चाहिए।

ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, जोन स्वास्थ्य अधिकारी शंकर साहनी, जोन स्वच्छता निरीक्षक अंजनी सिंह समेत जोनल और वार्डों के स्वास्थ्य सुपरवाइजर मौजूद रहे। अधिकारियों ने आयुक्त के निर्देश नोट किए।

Exit mobile version