​आयुक्त ने किया हुडको क्षेत्र का सघन निरीक्षण; शासकीय भूमि एवं सफाई व्यवस्था का लिया जायजा

​भिलाईनगर। नगरपालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पांडेय ने आज हुडको क्षेत्र का विस्तृत दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में उपलब्ध शासकीय भूमियों का अवलोकन किया और नागरिक सुविधाओं, विशेषकर साफ-सफाई व सीवरेज लाइन संबंधी समस्याओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

​​आयुक्त ने हुडको क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में रिक्त पड़ी शासकीय भूमियों का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने इन भूमियों का उपयोग आने वाले समय में जनहितकारी कार्यों और शासकीय परियोजनाओं के लिए करने हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। हुडको में औचक निरीक्षण के दौरान अज्ञात व्यक्ति द्वारा कचरा में आग लगाया गया था, जिसे निगम आयुक्त द्वारा गंभीरता से लेते हुए सफाई में लगे हुए कर्मचारियों को इसके रोकथाम हेतु समझाया गया । कचरा में आग लगाने से 5000 रुपए का जुर्माना पर्यावरण विभाग द्वारा लगाया जाता है।

​​निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने हुडको की साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीवरेज लाइन कार्य हेतु निर्देशित किया कि कार्य की गुणवत्ता से समझौता किए बिना इसे समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए ताकि नागरिकों को जलभराव या अन्य समस्याओं का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान वार्ड के वरिष्ठ नागरिको ने आयुक्त से मुलाकात किया और समस्याओं से अवगत कराए, सफाई और अन्य समस्याओं के निराकरण हेतु तत्काल निगम आयुक्त स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किए हैं।
​​इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान आयुक्त के साथ मुख्य रूप से
​अमरनाथ दुबे जोन आयुक्त, प्रिया करसे कार्यपालन अभियंता, श्वेता महेश्वर सहायक अभियंता अन्य वरिष्ठ कर्मचारी उपस्थित रहे।
निगम आयुक्त ने ​स्पष्ट किया कि वार्डों की मूलभूत समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Exit mobile version