NEET पेपर लीक पर विधायक देवेंद्र यादव ने उठाए सवाल, केंद्रीय शिक्षा मंत्री से मांगा इस्तीफा

छात्रों से मिलकर जानी पीड़ा: बोले- 18 घंटे पढ़ाई के बाद लीक का डर, युवा आक्रोशित

भिलाई: नीट परीक्षा में पेपर लीक और कथित धांधली को लेकर भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की है। विधायक रविवार को एक कोचिंग संस्थान पहुंचे, जहां उन्होंने नीट की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी।

‘मेहनत पर फिर पानी फिरने का डर’
विधायक देवेंद्र यादव ने बताया कि छात्रों ने अपनी व्यथा साझा की। एक छात्र ने कहा कि उसे पूरा आत्मविश्वास था कि वह नीट अच्छे से पास कर लेगा, लेकिन पेपर लीक और रि-एग्जाम की खबर से उसका मोमेंटम टूट गया। पहले वह 15 से 18 घंटे पढ़ता था, अब मन नहीं लग रहा। एक छात्रा ने कहा कि पेपर लीक से पूरी मेहनत पर पानी फिर गया। वह फिर से तैयारी करेगी, लेकिन डर है कि इस बार फिर पेपर लीक न हो जाए।

‘जमीन बेचकर फीस भरी, अब पैसे नहीं बचे’
एक छात्र ने विधायक को बताया कि उसके माता-पिता ने जमीन बेचकर कोचिंग की फीस भरी थी, ताकि भिलाई में पढ़कर उसका कॅरियर बने। लेकिन पेपर लीक हो गया। अब न कोचिंग की फीस वापस होगी, न दोबारा तैयारी के लिए पैसे बचे हैं। छात्र ने कहा कि वह पूरी तरह निराश हो चुका है और आत्मविश्वास खो चुका है।

‘सिर्फ खानापूर्ति, बड़े लोगों को बचाया जा रहा’
विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि छात्रों के मन में डर बैठ गया है कि पूरी मेहनत के बाद सालों की तपस्या एक बार फिर बेकार हो जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक के दोषियों पर कार्रवाई नहीं हो रही, बड़े जिम्मेदार लोगों को बचाया जा रहा है। सिर्फ एक-दो लोगों को पकड़कर खानापूर्ति की जा रही है। इससे युवाओं में आक्रोश है।

विधायक ने कहा कि डबल इंजन की सरकार से अपील है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें और सभी जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई हो। छात्रों की पीड़ा का वीडियो भी विधायक ने शेयर किया है।

Exit mobile version