संदीप सिंह, रायगढ़। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर अब प्रशासन सख्त हो गया है। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देश और जिला खनिज अधिकारी बजरंग पैकरा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, खनिज जांच टीम ने टिमरलगा क्षेत्र में सघन निरीक्षण अभियान चलाया, जिसके दौरान रायगढ़ रोड स्थित गुडेली-टिमरलगा मार्ग पर एक संदिग्ध वाहन (क्रमांक OD 23 G 2259) को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान वाहन चालक खनिज परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या रॉयल्टी पर्ची प्रस्तुत नहीं कर सका।
वाहन सुरेश कुमार अग्रवाल के नाम पर पंजीकृत पाया गया, जो अवैध रूप से खनिज परिवहन करते हुए पकड़ा गया। मौके पर ही वाहन को जप्त कर लिया गया और खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
इस कार्रवाई को खनिज विभाग के फील्ड सहायक अनुराग नंद एवं उनकी टीम द्वारा अंजाम दिया गया। टीम ने मौके पर खनिज की मात्रा, परिवहन रूट और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रिपोर्ट तैयार की।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज माफियाओं पर अब कोई रियायत नहीं दी जाएगी। बिना वैध दस्तावेज या रॉयल्टी पर्ची के खनिजों का परिवहन करते पाए जाने वाले वाहनों पर सख्त जप्ती और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला खनिज अधिकारी बजरंग पैकरा ने बताया कि –
“खनिजों का अवैध उत्खनन और परिवहन न सिर्फ सरकारी राजस्व की हानि है, बल्कि पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने भी सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि खनिज परिवहन पर नियमित निगरानी रखी जाए और जहां भी अवैध गतिविधि की सूचना मिले, तुरंत कार्रवाई की जाए।
खबर आलोक का विश्लेषण:
रायगढ़ जिले में लगातार बढ़ रहे खनिज परिवहन के मामलों पर यह कार्रवाई प्रशासन की कड़ी नीयत और त्वरित प्रतिक्रिया को दर्शाती है। इस कदम से खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है और आम जनता ने भी प्रशासन की इस मुहिम का स्वागत किया है।




