खैरागढ़ में आयोजित जिला स्तरीय नि:शुल्क आयुष स्वास्थ्य मेले में सैकड़ों लोगों ने आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा का लाभ लिया। प्राथमिक शाला दाऊचौरा के बच्चों की योग प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।
खैरागढ़। प्राथमिक शाला दाऊचौरा में जिला स्तरीय निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया, जिसमें आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, होम्योपैथी और यूनानी पद्धतियों से जुड़ी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ बड़ी संख्या में लोगों ने उठाया।
मेले का उद्देश्य लोगों में स्वस्थ जीवनशैली और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
मेले में अनुभवी आयुष चिकित्सकों ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श और औषधि वितरण किया। विशेषज्ञों ने उपस्थित नागरिकों को बीमारियों से बचाव के आसान उपाय और जीवनशैली सुधारने के तरीके बताए।
बच्चों की योग प्रस्तुति बनी कार्यक्रम की शान
मेले का मुख्य आकर्षण प्राथमिक शाला के नन्हे-मुन्नों द्वारा प्रस्तुत योग कार्यक्रम रहा, जिसने पूरे माहौल को ऊर्जावान बना दिया।
बच्चों ने योगासनों के माध्यम से ‘स्वस्थ शरीर, स्वस्थ समाज’ का सशक्त संदेश दिया, जिसे देख उपस्थितजन तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठे।
जनप्रतिनिधियों ने की आयुष पद्धति की सराहना
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, वार्ड पार्षद विनय देवांगन, देवीन कमलेश कोठले, पुष्पा सिंदूर सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि “आयुष चिकित्सा केवल इलाज नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और निरोग बनाए रखने की जीवनशैली है।”
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मेले को जन-स्वास्थ्य जागरूकता का सफल अभियान बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को और मजबूत करेंगे।
