भिलाई। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के पावन अवसर पर HMGM मोदी ग्रुप के अध्यक्ष लोकेश पांडे जी के नेतृत्व में नारी शक्ति, संस्कृति और समाज में महिलाओं के अमूल्य योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की गौरवशाली और प्रेरणादायी महिला हस्तियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपनी प्रतिभा, समर्पण और संघर्ष के बल पर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध पांडवानी लोक गायिका तीजन बाई जी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। तीजन बाई जी ने अपनी अद्वितीय कला और गायन शैली के माध्यम से छत्तीसगढ़ की पारंपरिक पांडवानी लोककला को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।
उनकी इसी महान कला साधना और सांस्कृतिक योगदान के लिए उन्हें भारत सरकार द्वारा पद्म श्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण जैसे देश के प्रतिष्ठित सम्मानों से अलंकृत किया जा चुका है। कार्यक्रम में HMGM मोदी ग्रुप के सदस्यों ने उन्हें शॉल, श्रीफल एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वास्थ्य उपचार के लिए अपनी ओर से एक छोटी सी आंशिक सहयोग राशि भी प्रदान की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध पांडवानी लोक गायिका और पद्म से सम्मानित उषा बारले जी का भी सम्मान किया गया। उषा बारले जी ने अपनी मधुर आवाज और प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से पांडवानी परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कार्यक्रम में उन्हें शॉल, श्रीफल और पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके सांस्कृतिक योगदान की सराहना की गई।
इसके साथ ही भिलाई महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष स्वीटी कौशिक जी को भी उनके सामाजिक और संगठनात्मक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके सक्रिय योगदान को देखते हुए HMGM मोदी ग्रुप द्वारा उन्हें भी शॉल, श्रीफल और पौधा देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि महिलाएं समाज की सशक्त आधारशिला हैं और उनके योगदान के बिना किसी भी समाज का विकास संभव नहीं है। आज महिलाएं शिक्षा, कला, राजनीति, समाज सेवा और हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का यह अवसर उन महिलाओं को सम्मानित करने और उनसे प्रेरणा लेने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
HMGM मोदी ग्रुप के पदाधिकारियों ने बताया कि यह कार्यक्रम महिलाओं के सम्मान और उनकी उपलब्धियों को समाज के सामने लाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। समूह का मानना है कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए महिलाओं को सम्मान, अवसर और प्रोत्साहन मिलना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित अतिथियों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। HMGM मोदी ग्रुप ने यह संकल्प भी व्यक्त किया कि भविष्य में भी समाज, संस्कृति और महिला सशक्तिकरण से जुड़े ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा।
कार्यक्रम में समिति के सदस्य विनय टंडन, राजेश कुमार, समीर, रवि, तरुण, आयुष, हितेश, शिवांत, जतिन, शेषु, इनायत, हिमांशु, पलक, बल्ला सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
