शत प्रतिशत अंक लाकर ऑल इंडिया टॉपर बनी हर्षा

माता पिता और शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय

देहरादून/ (अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट): अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत निरंतर की जाये तो कोई भी सफलता असंभव नहीं होती। कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने लक्ष्य पर फोकस बनाकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुये उत्तराखंड के रुद्रपुर की रहने वाली हर्षा अरिप्रस्थ ने सीबीएसई दसवीं कक्षा (2026) की परीक्षा में 500 में से 500 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया टॉप किया है। दिल्ली पब्लिक स्कूल रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर की छात्रा हर्षा ने बिना किसी ट्यूशन के स्व अध्ययन और समय – समय पर अभ्यास के जरिये शत-प्रतिशत अंक लाकर इतिहास रचा है, जिससे उनके परिवार और स्कूल में जश्न का माहौल है।

इन्होंने अपनी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। जैसे ही परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ, स्कूल परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। शिक्षकों, सहपाठियों और अभिभावकों ने हर्षा की इस शानदार सफलता पर गर्व जताया और उनको बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। हर्षा की इस असाधारण उपलब्धि ने ना केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जिले और राज्य को गौरवान्वित किया है। मीडिया से बातचीत करते हुये हर्षा ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है।

उन्होंने कहा कि उन्हें खुद भी इतने शानदार परिणाम की उम्मीद नहीं थी, लेकिन उन्होंने पूरे मन से पढ़ाई की और नियमित अभ्यास जारी रखा। हर्षा के अनुसार शिक्षकों के सरल और स्पष्ट मार्गदर्शन के साथ-साथ परिवार का सहयोग उनकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत रहा। उनका मानना है कि सही दिशा में किया गया स्व-अध्ययन भी उतना ही प्रभावी हो सकता है, जितना किसी बड़े संस्थान का मार्गदर्शन।‌ उनकी यह सफलता उन छात्रों के लिये प्रेरणा है , जो मानते हैं कि बिना कोचिंग के अच्छे अंक प्राप्त करना मुश्किल होता है।

Exit mobile version