राजनांदगांव सालों बाद दिग्विजय स्टेडियम में गूंजेगी गणतंत्र की गौरव गाथा

पूर्व महापौर अजीत जैन की पहल लाई रंग

गणतंत्र दिवस म्युनिसिपल स्कूल नहीं, अब दिग्विजय स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह, कलेक्टर ने जारी किए निर्देश

राजनांदगांव, 13 जनवरी 26 संस्कारधानी राजनांदगांव में इस बार 26 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह अपनी पुरानी भव्यता के साथ दिग्विजय स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। पिछले कई वर्षों से म्युनिसिपल स्कूल मैदान में हो रहे आयोजन के बाद, इस बार राष्ट्रीय पर्व की वापसी शहर के प्रमुख स्टेडियम में होने जा रही है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज स्पष्ट किया कि गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह दिग्विजय स्टेडियम में ही आयोजित होगा।
कलेक्टर ने दिए तैयारियों के निर्देश
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आयोजन को लेकर सभी विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप दिग्विजय स्टेडियम में सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण की जाएं। कलेक्टर ने विशेष रूप से विभिन्न विभागों की झांकियों और परेड को लेकर रूपरेखा तैयार करने को कहा है, ताकि समारोह को भव्य रूप दिया जा सके।
पूर्व महापौर अजीत जैन की पहल और डॉ. रमन सिंह का हस्तक्षेप
दिग्विजय स्टेडियम में समारोह की वापसी के पीछे एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम रहा है। ज्ञात हो कि अभी दो दिन पूर्व, 11 जनवरी को राजनांदगांव के पूर्व महापौर और वरिष्ठ नेता अजीत जैन ने इस मुद्दे को लेकर विधानसभा अध्यक्ष और शहर विधायक डॉ. रमन सिंह से मुलाकात की थी। इस दौरान उनके साथ राधेश्याम गुप्ता भी मौजूद थे।
जैन ने डॉ. सिंह के समक्ष पुरजोर मांग रखी थी कि अब जबकि स्टेडियम में निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, तो राष्ट्रीय पर्व का आयोजन म्युनिसिपल स्कूल के बजाय वापस स्टेडियम में ही किया जाना चाहिए। उनका तर्क था कि स्टेडियम में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रमों की छटा और शोभा अलग ही होती है, जो छोटे मैदानों में सिमट कर रह जाती है।
सालों बाद होगी ‘घर वापसी’
गौरतलब है कि दिग्विजय स्टेडियम में चल रहे निर्माण और रिनोवेशन कार्यों के चलते पिछले कई वर्षों से स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के मुख्य कार्यक्रम म्युनिसिपल स्कूल मैदान में स्थानांतरित कर दिए गए थे। शहरवासी और जनप्रतिनिधि लंबे समय से यह महसूस कर रहे थे कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद आयोजन स्थल को पुनः स्टेडियम में शिफ्ट किया जाना चाहिए।
पूर्व महापौर की मांग और विधानसभा अध्यक्ष की पहल के बाद प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। इस फैसले से शहरवासियों में हर्ष की लहर है, क्योंकि दिग्विजय स्टेडियम न केवल बड़ा है, बल्कि वहां दर्शकों के बैठने की क्षमता और परेड की भव्यता भी कई गुना बढ़ जाती है।

Exit mobile version