श्री रूख्खड़ स्वामी महोत्सव 2026,नर्मदा कुंड से पवित्र जल लेकर निकली भव्य बाइक रैली, खैरागढ़ नगर हुआ भक्तिरस में सराबोर

खैरागढ़ : श्री रूख्खड़ स्वामी महोत्सव 2026 के शुभारंभ अवसर पर मंगलवार को आस्था, अनुशासन और सनातन परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। खैरा–नर्मदा कुंड से पवित्र जल लेकर निकली भव्य बाइक रैली ने पूरे नगर को भक्तिमय वातावरण में रंग दिया। 150 से अधिक बाइकों और कई कारों के साथ श्रद्धालुओं का यह जत्था जब नगर में प्रविष्ट हुआ, तो हर मार्ग पर धर्मध्वज और जयघोष गूंज उठे।।

नर्मदा कुंड से आरंभ हुई आस्था की यात्रा
सुबह से ही खैरा, नर्मदा कुंड और गंड़ई क्षेत्र के श्रद्धालु नर्मदा कुंड पर एकत्र हुए। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कुंड से पवित्र जल लिया गया और भगवा ध्वजों के साथ बाइक रैली का शुभारंभ हुआ। यह रैली न केवल एक यात्रा थी, बल्कि क्षेत्रीय एकता, धर्म के प्रति समर्पण और सामूहिक साधना का प्रतीक भी बनी।

साईं मंदिर पर हुआ भव्य स्वागत
बाइक रैली जैसे ही नगर सीमा में प्रवेश कर साईं मंदिर पहुंची, वहां स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ रैली का स्वागत किया। यहीं पर हनुमान भगवान का रुद्राभिषेक एवं महामृत्युंजय मंत्र का पाठ संपन्न हुआ। इन वैदिक अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।

नगर भ्रमण में उमड़ा जनसैलाब
साईं मंदिर से रैली नगर भ्रमण पर निकली। बस स्टैंड, ईतवारी बाजार, बख्शी मार्ग, गोलबाजार, मस्जिद चौक और जय स्तंभ चौक होते हुए रैली मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंची। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पांजलि अर्पित कर रैली का अभिनंदन किया। नगरवासियों ने इसे ऐतिहासिक और अनुकरणीय आयोजन बताया।

मां दंतेश्वरी मंदिर से निकली कलश यात्रा
मां दंतेश्वरी मंदिर में पहले से ही महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में कलश यात्रा के लिए तैयार थीं। जैसे ही बाइक रैली मंदिर परिसर पहुंची, नर्मदा कुंड से लाए गए पवित्र जल को कलशों में स्थापित कर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। बाइक से आए श्रद्धालु भी कलश यात्रा में पैदल शामिल हुए और भगवा ध्वजों के साथ जयघोष करते हुए आगे बढ़े।

अस्पताल चौक से रूख्खड़ स्वामी मंदिर तक पदयात्रा
कलश यात्रा मां दंतेश्वरी मंदिर से प्रारंभ होकर अस्पताल चौक होते हुए श्री रूख्खड़ स्वामी मंदिर परिसर पहुंची। मंदिर पहुंचते ही विधिवत पूजन के साथ कलश यात्रा का समापन किया गया। इस दौरान पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई और वातावरण “हर-हर महादेव” व “जय बजरंगबली” के नारों से गूंजता रहा।

श्रद्धालुओं के लिए भोजन व प्रसादी की व्यवस्था
यात्रा के समापन के बाद सभी श्रद्धालुओं के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही प्रसादी वितरण किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई। आयोजकों की सुव्यवस्थित व्यवस्था और सेवा भाव की सर्वत्र सराहना की गई।।

Exit mobile version