नंदिनी अहिवारा। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर संयुक्त खदान मजदूर संघ (एटक) द्वारा आयोजित बाइक रैली एवं साधारण सभा का कार्यक्रम पूरे उत्साह, अनुशासन और श्रमिक एकता के संदेश के साथ सम्पन्न हुआ। इस आयोजन में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रमिकों ने भाग लेकर अपनी एकजुटता का परिचय दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत एस.के.एम.एस. कार्यालय से शाम 6 बजे बाइक रैली के साथ हुई। रैली में शामिल श्रमिकों ने हाथों में झंडे एवं बैनर लेकर श्रमिक अधिकार, सुरक्षा और सम्मान से जुड़े नारे लगाए। यह रैली अहिवारा अटल चौक से होते हुए टाउनशिप नंदिनी नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करती हुई पुनः एस.के. 45 कार्यालय पहुंची। रैली के दौरान क्षेत्रवासियों में भी उत्साह देखा गया और श्रमिकों के प्रति समर्थन का माहौल बना।

रैली के समापन के बाद यूनियन कार्यालय में साधारण सभा का आयोजन किया गया। सभा में श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा, कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, वेतन एवं सुविधाओं में सुधार, तथा संगठन की मजबूती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि मजदूर दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि श्रमिकों के संघर्ष, अधिकारों और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने सभी श्रमिकों से संगठित रहने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अध्यक्ष रोहित वर्मा, सचिव बी.आर. पटेल, एम.सी. कटारे, भूपेंद्र वर्मा, प्रेम साहू, विनीत यादव, रामबाबू पांडे, सनत शर्मा, मोती शर्मा, शिवकुमार निषाद, हनुमान साहू, धर्मेंद्र प्रसाद, डी.डी. पटेल, राजू अशवन, लक्ष्मण साहू, भवन साहू, अमित, सुभाष वर्मा, सूरज साहू, संतोष वर्मा, ओम कोसरे, टीकम, पुरुषोत्तम साहू, राजू सिंग, भीकम, हाबिद, भूपेंद्र, महेश सोंधिया सहित अनेक पदाधिकारी एवं श्रमिक साथी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अंत में संघ पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से श्रमिकों में जागरूकता बढ़ती है, आपसी एकता मजबूत होती है और संगठन को नई दिशा मिलती है।