न्यू-ईयर पार्टियों में ड्रग्स सप्लाई करने से पहले 5 अरेस्ट

  • नागपुर से तस्करी,रायपुर में पराग मुख्य आरोपी,
  • 10 ग्राम MDMA, मोबाइल-कैश जब्त

रायपुर। न्यू ईयर ईव के मद्देनजर रायपुर में पार्टियों में MDMA ड्रग्स की सप्लाई करने वाले बड़े सिंडिकेट का पुलिस ने खुलासा किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नागपुर के तस्कर, इवेंट ऑर्गेनाइजर सहित कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक नाबालिग लड़की भी शामिल है। दरअसल, युवक-युवती का ड्रग्स, कैश और मोबाइल के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। 17 सेकेंड के इस वीडियो में युवक मोबाइल पर बात कर रहा है। युवती वीडियो बनाते और गालियां देती नजर आई। एक टेबल में मोबाइल, पैसे और ड्रग्स की 19 लाइन खींची हुई दिखी थी।

इसी वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र के वरण अपार्टमेंट स्थित एक फ्लैट में रेड कर आरोपियों को रंगे हाथ MDMA ड्रग्स के साथ पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से 10 ग्राम MDMA, चार मोबाइल फोन और 20 हजार कैश जब्त किए गए, जिसकी कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपए बताई गई है।

ड्रग्स सप्लाई केस में गिरफ्तार आरोपी
पराग बरछा उर्फ रघु (मुख्य सप्लायर)
पिता – स्व. भावेश बरछा | उम्र – 23 वर्ष
निवासी – कैलाशपुरी, पुरानी बस्ती, रायपुर
शुभम राजूधावड़े (नागपुर तस्कर)
पिता – राजू धावड़े | उम्र – 31 वर्ष
निवासी – जूना बगड़गंज, कुम्हारा टोली, भंडारा रोड नंदनवन थाना, जिला नागपुर (महाराष्ट्र)
अमन शर्मा (पराग का साथी सप्लायर)
पिता – राजेश शर्मा | उम्र – 26 वर्ष
निवासी – वरण अपार्टमेंट, बी ब्लॉक, फ्लैट नं. 501 थाना न्यू राजेन्द्र नगर, रायपुर
शुभम सिंघनापुरे उर्फ आर्यन
पिता – मनोज सिंघनापुरे | उम्र – 28 वर्ष
निवासी – वरण अपार्टमेंट, बी ब्लॉक, फ्लैट नं. 501 थाना न्यू राजेन्द्र नगर, रायपुर

पराग बरछा रायपुर में MDMA का मुख्य सप्लायर
जांच में सामने आया कि आरोपी पराग बरछा उर्फ रघु रायपुर में MDMA का मुख्य सप्लायर है, जबकि नागपुर निवासी शुभम राजूधावड़े ड्रग्स की सप्लाई करता था। न्यू ईयर के दौरान बड़े होटलों में होने वाली पार्टियों में ड्रग्स खपाने की तैयारी थी।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट की धारा 21बी और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। सिंडिकेट से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

6 महीने में पुलिस ने 79 पैडलर्स को पकड़ा था
रायपुर में 6 महीने पहले भी इसी तरह के वीडियो सामने आए थे। जिसके बाद पुलिस ने अभियान चलाकर 79 पैडलर्स को गिरफ्तार किया था। आरोपियों को जेल भेजने के साथ करोड़ों का सामान भी जब्त किया। पुलिस की इस कार्रवाई से पैडलर कुछ दिन थमे, लेकिन नए साल के मद्देनजर रायपुर में फिर से एक्टिव हो गए हैं।

गृहमंत्री बोले- जल्द करेंगे कार्रवाई
इस मामले पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा था कि नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई पिछले 2 महीने में तेज हुई है। पुलिस एंड टू एंड इन्वेस्टिगेशन कर रही है। नशे से जुड़े वायरल वीडियो की पहचान की जा रही है। दोषियों तक जल्द कार्रवाई कर पहुंचा जाएगा।

Exit mobile version