विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा व डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने दिया समर्थन
खैरागढ़ – कवर्धा मार्ग चार घंटे तक रहा जाम
खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के सुदुर वनांचल क्षेत्र से हजारों की संख्या में पहुंचे थे,किसान कलेक्ट्रेट कार्यालय,
यतेंद्र जीत सिंह “छोटू”,खैरागढ़ : खरीफ मौसम में प्राकृतिक आपदा, अनियमित वर्षा और कीट प्रकोप से तबाह हुई फसलों ने किसानों की कमर तोड़ दी है।। फसल बर्बादी और आर्थिक संकट से जूझ रहे किसानों का सब्र आखिरकार टूट गया।। मंगलवार को साल्हेवारा वनांचल क्षेत्र के हजारों अन्नदाता अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतर आए और जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया।। किसानों ने धान सहित अन्य फसलों को हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति, फसल बीमा राशि के भुगतान तथा कृषि ऋण माफी की मांग करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।। प्रदर्शन की अगुवाई विधायक यशोदा वर्मा, विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन और कांग्रेस नेताओं ने की।।
देवव्रत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई शुरुआत
आंदोलन की शुरुआत स्व. देवव्रत सिंह की पुण्यतिथि पर सिविल लाइन दुर्गा चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई।। इस दौरान देवव्रत सिंह अमर रहें और धान का मुआवजा देना होगा जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।। इसके बाद किसान रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय की ओर रवाना हुए।।

कलेक्टर कार्यालय बना छावनी, चार घंटे तक सड़क पर डटे किसान
किसानों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने कलेक्टर कार्यालय परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया।। मुख्य द्वार पर रोक दिए जाने के बाद किसान वहीं सड़क पर चार घंटे तक धरने पर बैठे रहे और कलेक्टर से सीधी बातचीत की जिद पर अड़े रहे। इस दौरान खैरागढ़–कवर्धा मुख्य मार्ग पर यातायात ठप रहा और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया।। अंततः चार घंटे बाद कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल किसानों से मिलने बाहर आए कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने उनकी समस्याएं सुनीं और ज्ञापन लेकर एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया।।
हर्षिता स्वामी बघेल पहुंचीं समर्थन देने
प्रदर्शन के दौरान डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल भी मौके पर पहुंचीं और किसानों का समर्थन किया।। उन्होंने कहा कि किसानों की स्थिति अत्यंत गंभीर है,राज्य सरकार को तत्काल राहत प्रदान करनी चाहिए।। उन्होंने मांग की कि प्रशासन फसल क्षति का सर्वे कर शीघ्र मुआवजा और बीमा राशि जारी करे।।
धान जिस हालत में है उसी में खरीदी करे सरकार-यशोदा वर्मा
विधायक यशोदा वर्मा ने कहा कि किसानों की फसलें खराब हो चुकी हैं इसलिए सरकार को धान की खरीदी मौजूदा हालत में 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करनी चाहिए।। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों को राहत नहीं मिली तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।।

फसलें चौपट, कर्ज सिर पर किसानों का दर्द
किसानों ने कहा कि लगातार बारिश कीट प्रकोप और फसल रोग के कारण मेहनत पर पानी फिर गया है।। कई किसानों ने बीज, खाद और दवाइयों के लिए कर्ज लिया, पर फसल नष्ट होने से न उत्पादन हुआ न आमदनी। अब बैंक का कर्ज चुकाना असंभव है किसानों ने कहा।। उन्होंने शासन से कृषि ऋण माफी, फसल बीमा भुगतान और क्षतिपूर्ति की मांग की।।
कांग्रेस नेताओं ने सौंपा ज्ञापन, दी आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं और किसानों ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, देवराज किशोर दास, आरती रिंकू महोबिया, सूर्यकांत यादव, रविंद्र सिंह गहरवार सहित 50 से अधिक गांवों के किसान हजारो कि संख्या में मौजूद रहे।। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि शासन–प्रशासन ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो वे बड़े पैमाने पर आंदोलन करने बाध्य होंगे।। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है और एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।।




