00 निर्यात प्रक्रिया, पंजीयन और पैकेजिंग की दी गई जानकारी, 31 प्रतिभागी हुए शामिल,
(यतेन्द्र जीत सिंह छोटू ब्यूरो चीफ जिला खैरागढ़)
खैरागढ़ : जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा कृषि विकास सहकारी समिति रायपुर के माध्यम से निर्यात प्रोत्साहन कार्यशाला का आयोजन किया गया।। कार्यशाला में जिले के व्यापारियों, उद्यमियों एवं स्व-सहायता समूहों के प्रतिनिधियों सहित कुल 31 प्रतिभागियों ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अवसर तलाशना तथा उद्यमियों को निर्यात की प्रक्रियाओं से परिचित कराना था।।
कार्यशाला में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने उद्यमियों को जिले में उपलब्ध उत्पादों के निर्यात की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने राजस्थान और पंजाब के विभिन्न उद्योगों का उदाहरण देते हुए कहा कि उद्यमशीलता, बेहतर योजना और निरंतर प्रयास से व्यवसाय को विस्तार दिया जा सकता है।। छत्तीसगढ़ में विभिन्न प्रकार के खाद्य उत्पाद एवं खनिज संसाधन उपलब्ध हैं।। इन संभावनाओं का उपयोग करते हुए उद्यमियों को उत्पादन और विपणन के नए अवसरों की दिशा में प्रयास करना चाहिए।।
एपीडा (APEDA) की ओर से उपस्थित अशोक कुमार बोरा ने निर्यात हेतु पंजीयन, आयात-निर्यात कोड (IEC), पंजीकरण-सह-सदस्यता प्रमाणपत्र (RCMC) तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने उद्यमियों को अपने उत्पादों के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अवसर तलाशने और निर्यात गतिविधियों में सहभागिता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।। इस अवसर पर रसना बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड के संचालक एवं जिले के उद्यमी अनंत चोपड़ा ने उद्यम स्थापना, संचालन और व्यवसाय के विकास से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उनके अनुभवों से प्रतिभागियों को व्यवसाय आगे बढ़ाने की दिशा में मार्गदर्शन मिला।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री प्रणय कुमार बघेल ने कहा कि निर्यात की दिशा में भविष्य की उपलब्धियों के लिए प्रयास आज से ही शुरू करना आवश्यक है। उद्यमियों को दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ उत्पादन की गुणवत्ता, पैकेजिंग और बाजार की आवश्यकताओं पर ध्यान देना चाहिए, ताकि आगामी समय में उनके उत्पाद निर्यात के अनुरूप तैयार हो सकें। उन्होंने जिले में निर्यात की संभावनाओं पर प्रतिभागियों के साथ चर्चा करते हुए स्थानीय उद्यमों को निर्यात प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर दिया।
कार्यशाला में चैंबर ऑफ कॉमर्स खैरागढ़ के समन्वयक गुलाब चोपड़ा, उद्यमी अनंत चोपड़ा,पार्तिका संजय महोबिया, मनीषा फटोनी, उत्तम दशारिया, स्वर्ण उपज एफ.पी.सी.तथा स्व-सहायता समूहों से सुनीता वर्मा सहित जिले के व्यापारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में महाप्रबंधक श्री प्रणय कुमार बघेल ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।।
