भिलाई – दुर्ग। दुर्ग जिले के भिलाई में दिवाली की रात एक बुजुर्ग का मर्डर हुआ है। शहर के बैरागी मोहल्ला पावर हाउस क्षेत्र में 2 युवक पटाखा फोड़ रहे थे, तभी सामने वाले घर की महिला ने उनके घर के सामने पटाखा फोड़ने से मना किया। उनके बीच झगड़ा हो गया।
युवकों ने महिला से गाली-गलौज की। बीच बचाव करने आए ससुर ने पटाखा फोड़ने से मना किया तो दोनों आरोपियों ने मिलकर घर घुसकर कटर (धारदार हथियार) से वारकर बुजुर्ग को मार डाला। मृतक और आरोपी पड़ोसी हैं। मामला छावनी थाना क्षेत्र का है।

घटना रात करीब साढ़े 10 बजे की है। आरोपियों में एक युवक ने कटर से वार किया जबकि दूसरा युवक बुजुर्ग का हाथ पकड़कर रखा था ताकि वह बच ना सके। पुलिस ने उसी रात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।




