दुर्ग: दीपावली जैसे बड़े त्यौहार के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने हेतु विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं सभी थाना प्रभारियों की निगरानी में यह अभियान एक साथ पूरे जिले में संचालित किया गया।
त्यौहार के दौरान भीड़भाड़, नशाखोरी, झगड़े या उपद्रव जैसी घटनाओं की संभावना को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही सक्रिय रणनीति अपनाई। अभियान के तहत 552 गुंडा और निगरानी बदमाशों की चेकिंग की गई और उन्हें शांति बनाए रखने की सख्त हिदायत दी गई। पुलिस अधिकारियों ने इन सभी को साफ शब्दों में कहा कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, शोरगुल, पटाखों में उपद्रव या नशे की हालत में सार्वजनिक विवाद की स्थिति में तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कानून का उल्लंघन करने पर 34 असामाजिक तत्वों के खिलाफ की गई कार्रवाई
पुलिस द्वारा बार-बार समझाइश देने के बाद भी कुछ तत्व अपनी हरकतों से बाज नहीं आए।
ऐसे लोगों के खिलाफ संज्ञेय अपराध घटित होने की आशंका को देखते हुए धारा 170 बीएनएसएस के तहत न्यायालयीन कार्यवाही की गई।

जिन क्षेत्रों से कार्रवाई की गई उनमें –
- थाना पुलगांव क्षेत्र से 15 असामाजिक तत्व,
- चौकी नगपुरा क्षेत्र से 05,
- चौकी जेवरा सिरसा से 04,
- चौकी अंजोरा से 08,
- थाना छावनी से 01,
- एवं थाना वैशालीनगर से 01 असामाजिक तत्व शामिल हैं।
सभी मामलों में पुलिस ने ईस्तगाशा तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है ताकि भविष्य में ये व्यक्ति शांति भंग न कर सकें।
त्यौहार में शांति बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस सतर्क
दुर्ग पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दीपावली और उसके बाद भी त्यौहार के माहौल में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या उपद्रव को बर्दाश्त न किया जाए।
त्यौहार के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है। साथ ही रात्रि गश्त और सीसीटीवी निगरानी को भी तेज किया गया है।
महिला सुरक्षा को लेकर विशेष रूप से महिला पेट्रोलिंग टीम को भी सक्रिय किया गया है।

“बाउंड ओवर” की कार्रवाई की तैयारी
जो असामाजिक तत्व बार-बार विवाद, झगड़ा या नशे में उपद्रव की कोशिश करते हैं, उनके खिलाफ पुलिस ने अब बाउंड ओवर (निवारक कार्यवाही) की प्रक्रिया भी शुरू की है। ऐसे लोगों को न्यायालय के समक्ष पेश कर शांति भंग की स्थिति में जमानत राशि जब्त करने की कार्यवाही की जाएगी।
पुलिस का सख्त संदेश
दुर्ग पुलिस ने जनता से अपील की है कि त्योहार खुशियों और एकता का प्रतीक है, उपद्रव या अव्यवस्था का नहीं।
जो भी व्यक्ति माहौल बिगाड़ने या शांति भंग करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दुर्ग पुलिस की अपील:
त्योहार में शांति बनाए रखें।
अवैध पटाखों, नशाखोरी और झगड़े से दूर रहें।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल 112 या नजदीकी पुलिस थाने में दें।
पुलिस का संकल्प:
“कानून का राज कायम रखना और हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना ही दुर्ग पुलिस की प्राथमिकता है।”




