दुर्ग। थाना खुर्सीपार पुलिस को अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन के गुप्त चेंबर से 4 करोड़ रुपये की अवैध नकदी बरामद की है।
मामला डबरापारा थाना खुर्सीपार क्षेत्र का है। 26 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि सफेद रंग की बोलेरो मैक्स पिकअप क्रमांक CG 04 QU 5996 रायपुर से नागपुर की ओर भारी मात्रा में नकदी लेकर जा रही है।

सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका। वाहन का पिछला हिस्सा मॉडिफाई कर पूरी तरह बंद किया गया था। वाहन में दो व्यक्ति सवार थे, जिन्होंने अपना नाम भवेशभाई जीनाभाई डाभी (चालक) और विष्णुदेव दुबे बताया।
सघन तलाशी में वाहन के पिछले हिस्से में बना विशेष गुप्त चेंबर मिला। चेंबर खोलने पर उसमें छिपाकर रखी 4 करोड़ रुपये की नकदी बरामद हुई।
पुलिस दोनों आरोपियों से रकम के स्रोत और परिवहन के उद्देश्य को लेकर पूछताछ कर रही है। मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी दी जा रही है। पुलिस कार्यालय दुर्ग ने इसकी पुष्टि की है।