दुर्ग पुलिस ने दीपावली पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए, बाजारों में तैनात किए हथियारबंद पुलिस बल
दुर्ग, 15 अक्टूबर 2025:
दीपावली के त्योहार के मद्देनजर दुर्ग पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए विशेष कदम उठाए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने आज पुलिस नियंत्रण कक्ष, भिलाई में राजपत्रित अधिकारियों की बैठक की और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया।

बैठक में जिला के सभी प्रमुख बाजारों में हथियारबंद पुलिस बल तैनात करने, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पैदल पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा संदिग्ध वाहनों की कड़ी जांच के लिए नाकाबंदी करने के निर्देश जारी किए गए। पुलिस ने इंदिरा मार्केट (दुर्ग), सेक्टर-06ए मार्केट (भिलाई), रिसाली मार्केट (नेवई), आकाश गंगा (सुपेला), जवाहर मार्केट (छावनी), अहिवारा बाजार (नंदिनी नगर), धमया मार्केट, पाटन मार्केट, लक्ष्मी मार्केट (पुलगांव), समृद्धि बाजार (पद्मनामपुर), स्टेशन रोड (मोहन नगर), पुरानी मिलाई बाजार और बाजार चौक (कुम्हारी) जैसे प्रमुख बाजारों को चिन्हित किया है जहां विशेष सुरक्षा तैनात रहेगी।
इसके अतिरिक्त, बाजारों के अंदर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन पार्किंग की अनुमति दी है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का भी निर्णय लिया गया है।
व्यापारियों को भी निर्देशित किया गया है कि वे अपनी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाएं और उन्हें सुचारू रूप से संचालित करें। इससे सुरक्षा और निगरानी दोनों प्रभावी होंगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने आम जनता से अपील की है कि वे दीपावली पर शांति एवं सौहार्द बनाए रखें और पुलिस के साथ सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना प्राथमिकता है ताकि सभी नागरिक सुरक्षित माहौल में त्योहार का आनंद उठा सकें।