48 लाख की फॉरेक्स ठगी में संलिप्त साइबर ठगों को आंध्रप्रदेश से किया गया गिरफ्तार…
दुर्ग। साइबर अपराध पर सशक्त कार्रवाई करते हुए दुर्ग साइबर थाना ने 48 लाख 67 हजार 500 रुपये की फॉरेक्स ट्रेडिंग ठगी का पर्दाफाश किया है। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज रामगोपाल गर्ग के निर्देश एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में गठित टीम ने आंध्रप्रदेश से दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
शिकायत पर हुई कार्रवाई
9 अक्टूबर को पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि इंस्टाग्राम पर फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश के लिए भेजे गए लिंक पर क्लिक करने के बाद उससे कुल ₹48,67,500 की ठगी की गई। मामले में साइबर थाना दुर्ग ने अपराध क्रमांक 08/2025, धारा 318(4), 336, 3(5) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी विश्लेषण से मिली लोकेशन
डिजिटल ट्रैकिंग और तकनीकी विश्लेषण से आरोपियों की लोकेशन आंध्रप्रदेश में पाई गई। इसके बाद एक विशेष टीम अनकापल्ली जिले के लिए रवाना हुई और वहां से दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- पी. सत्यनागा मूर्ति, उम्र 25 वर्ष
निवासी: पुलापर्थी, यालामंचली मंडल, जिला अनकापल्ली (आंध्रप्रदेश) - बालाजी श्रीनू, उम्र 34 वर्ष
निवासी: चिन्ना विधि, यालामंचली, पुलापर्थी, विशाखापट्टनम (आंध्रप्रदेश)
आरोपियों से मोबाइल, बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड भी जब्त किए गए हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर केंद्रीय जेल दुर्ग में निरुद्ध किया गया है।
पुलिस टीम
निरीक्षक जितेंद्र वर्मा, सउनि. पूर्ण बहादुर, आरक्षक अनूप कुमार शर्मा, जुगनू सिंह और विवेक सिंह ने इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
साइबर पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि—
- किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें
- फॉरेक्स या ऑनलाइन ट्रेडिंग निवेश के बहकावे में न आएं
- संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर दें
- साइबर प्रहरी को फॉलो कर जागरूक रहें




