लू तापघात से बचाव एवं सावधानी
दुर्ग/ जलवायु परिवर्तन एवं वैश्विक तापमान में औसत रूप से वृद्धि के कारण अप्रैल से जून माह के दौरान भीषण गर्मी पड़ने एवं हीटवेव (लू) चलने इत्यादि की बढ़ती हुई प्रवृत्ति प्रतिवर्ष देखी जाती है। इस वर्ष भी माह मार्च की तापमान बढ़ने एवं भीषण गर्मी पड़ने की संभावना हो सकती है, जिसके कारण जन स्वास्थ्य प्रभावित होने की संभावना बनी है। लू व तापघात से सभी वर्ग के व्यक्ति प्रभावित होते हैं, जिसे देखते हुऐ प्रतिवर्ष जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा लू अलर्ट जारी किया जाता है, ताकि आम जनता को लू के लक्षण से अवगत कराया जा सके। कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी, आई.डी.एस.पी. के नोडल अधिकारी डॉ. सी.बी.एस. बंजारे एवं जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट श्रीमती रितीका सोनवानी ने लू तापघात के बचाव एवं जानकारी के रूप में सुझाव दिये हैं।
गर्मी से संबंधित बीमारी के लक्षण-
बेहोशी, मांसपेशियों में जकड़न, मिर्गी / दौरा पड़ना, चिड़चिड़ापन, सिर दर्द, अधिक पसीना आना, कमजोरी / चक्कर आना, सांस और दिल की धड़कन तेज होना।

बचाव –
पर्याप्त तरल पदार्थों को लें, अपने आप को अच्छे से ढकें, धूप में खेलने से बचे और गाड़ी लॉक ना करे जब बच्चे गाड़ी में हों।
प्राथमिक चिकित्सा के उपाय –
बच्चे को तुरंत अंदर या छांव में लाएं, बच्चों के कपड़ों को जहां तक हो सके ढीला कर दे, नल के पानी से पोंछा करें या छिड़काव करें, अगर बच्चे को उल्टियां हों, तो उसे करवट के बल लिटाएं ताकि गले में कुछ ना फंसे।
क्या करें-
पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, भले ही आपको प्यास न लगी हो, यात्रा करते समय या जब भी बाहर जायें तो पीने का पानी साथ रखें, ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन (ओ.आर.एस.) का उपयोग करें, और घर के बने पेय जैसे नींबू पानी, छाछ/लस्सी का सेवन करें। अधिक पानी की मात्रा वाले मौसमी फल और सब्जियां खाएं जैसे तरबूज, खरबूजा, संतरा, अंगूर, अनानस, ककड़ी, सलाद या अन्य स्थानीय रूप से उपलब्ध फल और सब्जियां। ढीले, सूती वस्त्र पहनें, अधिमानतः हल्के रंग के कोशिश करें कि हल्के रंग के कपड़े पहनें।
अपने सिर को ढकें धूप के सीधे संपर्क में आने के दौरान छाता, टोपी, तौलिया और अन्य पारंपरिक टोपी / गमछा का उपयोग करें।
क्या न करें –
कोशिश करें कि धूप में न निकलें, खासकर दोपहर 12.00 बजे से 3.00 बजे के बीच। दोपहर में बाहर होने पर शारीरिक और थका देने वाली गतिविधियों से बचने की कोशिश करें। चरम गर्मी के घंटों के दौरान खाना पकाने से बचें। मितानिन, ए.एन.एम से ओ.आर.एस. के पैकेट हेतु संपर्क करें यथाशीघ्र किसी नजदीकी चिकित्सा केन्द्र में उपचार हेतु ले जाएँ। इस हेतु नगरीय निकाय एवं शुद्ध पेयजल हेतु लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से निरंतर समन्वय बनाया जा रहा है। मितानिन व संबंधित क्षेत्र के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को पर्याप्त मात्रा में दवाईयों उपलब्ध करा दी गई है।