विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा जिला स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न,
(यतेन्द्र जीत सिंह छोटू ब्यूरो चीफ जिला खैरागढ़)
खैरागढ़ : राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ के भव्य ऑडिटोरियम में विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा विषय पर आधारित जिला स्तरीय प्रतियोगिता का गरिमामय आयोजन किया गया।। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और कलात्मक माध्यमों के जरिए एक सशक्त, नशामुक्त तथा समृद्ध भारत के निर्माण में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना था।।
नशे के खिलाफ युवाओं की एकजुटता ही विकसित भारत का आधार : विक्रांत सिंह
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह उपस्थित रहे।। युवाओं को संबोधित करते हुए विक्रांत सिंह ने कहा कि युवा शक्ति ही किसी भी राष्ट्र का वास्तविक आधारस्तंभ होती है।। जब तक हमारी युवा पीढ़ी नशे जैसी बुराई से दूर नहीं होगी, तब तक एक समृद्ध और स्वावलंबी विकसित भारत का सपना साकार नहीं हो सकता। कला, साहित्य और संवाद के माध्यम से जनजागरूकता फैलाना बेहद प्रभावशाली माध्यम है और खैरागढ़ के युवाओं ने अपनी प्रतिभा से आज यह साबित कर दिखाया है।। उन्होंने युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी।।

वरिष्ठ अतिथियों का मिला मार्गदर्शन
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू ने की।। उन्होंने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि ऐसे सकारात्मक आयोजनों से युवाओं में राष्ट्र निर्माण की भावना प्रबल होती है।।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा एवं डॉ. शैलेन्द्र त्रिपाठी मंचस्थ रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों के प्रयासों की प्रशंसा की।।
विभिन्न विधाओं में युवाओं ने दिखाई अपनी प्रतिभा
जिला स्तरीय इस प्रतियोगिता में जिले भर से आए युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।। आयोजन के दौरान नृत्य, संगीत, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, वाद-विवाद, नारा लेखन, रील मेकिंग और
स्लैम कविता प्रतियोगिता जैसी विविध स्पर्धाएं आयोजित की गईं।। प्रतियोगियों ने नुक्कड़ नाटक, पोस्टरों और स्लैम कविता के माध्यम से नशे के सामाजिक व शारीरिक दुष्प्रभावों को उजागर करते हुए उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।।
अतिथियों ने किया स्टालों का निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने परिसर में लगाए गए नशामुक्ति जागरूकता स्टालों का गहन निरीक्षण किया और वहां प्रदर्शित सामग्रियों व मॉडल की सराहना की।। इस अवसर पर गोरेलाल वर्मा, लखन साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी और भारी संख्या में युवा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।।