भिलाई। भारतीय चिकित्सकों की सर्वोच्च संस्था इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), नई दिल्ली द्वारा आईएमए राष्ट्रीय पुरस्कार घोषित किये गए जिनमें जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय, भिलाई के वरिष्ठ सलाहकार (पैथोलॉजी विभाग) तथा आईएमए दुर्ग शाखा के अध्यक्ष (वर्ष 2024) डॉ. राजू भैंसारे को “बेस्ट ब्रांच प्रेसिडेंट आईएमए नेशनल प्रेसिडेंट अप्रिशिएशन अवार्ड” से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार अहमदाबाद (गुजरात) में आयोजित ऑल इंडिया मेडिकल कॉन्फ्रेंस के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदान किया गया।
पुरस्कार समारोह में आईसीसी अध्यक्ष श्री जय शाह के करकमलों द्वारा डॉ. राजू भैंसारे को यह सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री गुजरात भूपेंद्र पटेल, विधानसभा अध्यक्ष गुजरात चौधरी, सांसद मयंक नाइक, आईएमए के चयनित राष्ट्रीय अध्यक्ष (2026) डॉ. अनिल कुमार नाईक, वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिलीप भानुशाली, राष्ट्रीय सचिव डॉ. शरबती दत्ता, डॉ. जयंत शाह सहित देशभर से आए वरिष्ठ चिकित्सक एवं पदाधिकारी उपस्थित थे। आईएमए का यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार नेटकांन में देशभर से उपस्थित लगभग दो हजार चिकित्सकों की उपस्थिति में प्रदान किया गया।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में भी छत्तीसगढ़ आईएमए द्वारा डॉ. राजू भैंसारे को बेस्ट ब्रांच प्रेसिडेंट के राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। आईएमए का यह राष्ट्रीय पुरस्कार स्थानीय स्तर पर किए गए उत्कृष्ट एवं जनोपयोगी कार्यों के लिए प्रदान किया जाता है, जिनमें चिकित्सकों को एकेडमिकली अपडेट रखना, “आओ गाँव चलें” परियोजना के अंतर्गत सेवाएँ, स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल, जेरियाट्रिक केयर, विद्यालय एवं महाविद्यालयों में स्वास्थ्य परीक्षण, राष्ट्रीय दिवसों का आयोजन, सामुदायिक स्वास्थ्य परियोजनाएँ तथा शासकीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता शामिल हैं।