एसआर हॉस्पिटल चिखली में धूमधाम से मना डॉक्टर्स डे

चेयरमैन संजय तिवारी ने डॉक्टरों व स्टाफ को किया सम्मानित, केक काटकर मनाई खुशी

दुर्ग। चिखली स्थित एसआर हॉस्पिटल एण्ड कॉलेज में बुधवार को राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस मौके पर अस्पताल प्रबंधन, डॉक्टरों और स्टाफ को सम्मानित किया गया। सभी ने मिलकर केक काटा और खुशियां साझा कीं। आयोजन का उद्देश्य समाज में डॉक्टरों के त्याग और सेवा भावना के प्रति सम्मान प्रकट करना था।

‘डॉक्टर सेवा और मानवता के प्रतीक’
एसआर हॉस्पिटल एण्ड कॉलेज के चेयरमैन संजय तिवारी ने कहा कि डॉक्टर समाज के लिए सेवा, समर्पण और मानवता के प्रतीक हैं। कठिन परिस्थितियों में भी डॉक्टर कर्तव्य निभाते हुए लोगों के जीवन की रक्षा करते हैं। उनका सम्मान करना पूरे समाज का दायित्व है।

डॉ. बीसी राय को किया याद
कार्डियोलॉजी सर्जन डॉ. रंजन सेन गुप्ता ने कहा कि 1 जुलाई को डॉ. बीसी राय का जन्मदिन चिकित्सक दिवस के रूप में मनाया जाता है। चिकित्सा पेशा एक परिवार की तरह है जिसमें सभी मिलकर मरीज का इलाज करते हैं। जनरल मेडिसिन के डॉ. केके जैन ने कहा कि डॉ. बीसी राय ने जीवन के आखिरी दिनों तक निःस्वार्थ सेवा दी। उनके सेवाभाव को याद करते हुए डॉक्टर्स डे मनाया गया।

जनरल सर्जन डॉ. वाईके शर्मा और नेत्र विभाग की डॉ. वनश्री सिन्हा ने कहा कि डॉक्टर्स डे संदेश देता है कि डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ में सेवाभाव होना चाहिए। जिस तरह डॉ. बीसी राय ने अंतिम क्षणों तक सेवा दी, उसी तरह हमें भी निःस्वार्थ होकर सेवा देनी चाहिए। उन्होंने चेयरमैन संजय तिवारी का आभार भी जताया।

डॉक्टरों और स्टाफ का हुआ सम्मान
चेयरमैन संजय तिवारी ने मेडिकल सुप्रीटेंडेंट डॉ. रंजन सेन गुप्ता, डॉ. केके जैन, डॉ. वाईके शर्मा और डॉ. वनश्री सिन्हा को स्मृति चिह्न, उपहार और पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया।

इसके अलावा डॉ. दीपा मिश्रा, डॉ. ममता साहू, डॉ. सुमित सोनी, डॉ. बलिराम रॉय, डॉ. अश्वनी शुक्ला को भी सम्मानित किया गया। बेहतर प्रदर्शन के लिए सीनियर अकाउंटेंट अभिषेक रिछारिया, नेत्र विभाग सहायक प्रेम चंद्राकर, आयुष्मान इंचार्ज प्रियेश मिश्रा, मैनेजिंग डायरेक्टर जगजीत नारायण पांडेय, श्रीमती सीमा बरहरे और श्रीमती तनुजा साहू को सम्मान मिला।

सेवा का दोहराया संकल्प
सम्मान पाकर डॉक्टरों ने आभार जताया और भविष्य में भी पूरी निष्ठा और तत्परता से मरीजों की सेवा का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नर्सिंग स्टाफ, अस्पताल के अन्य कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Exit mobile version