स्व. विद्या रतन भसीन की स्मृति में समाज को समर्पित की गई मॉर्चरी फ्रीज़र
भिलाई। मगध तैलिक समाज द्वारा आयोजित युवा-युवती परिचय सम्मेलन में आज समाज के लिए एक भावनात्मक और प्रेरणादायी क्षण देखने को मिला। इस अवसर पर दीदी दिव्या भसीन को अतिथि के रूप में सम्मेलन में सम्मिलित होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में समाज के पूर्व जिलाध्यक्ष महेश वर्मा सहित समाज के समस्त पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
सम्मेलन के दौरान समाज के अध्यक्ष श्री राजकुमार साहू द्वारा कुछ समय पूर्व समाज हित में मॉर्चरी फ्रीज़र (मृतदेह संरक्षण यंत्र) की मांग रखी गई थी। इस मांग को आज पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ जनसेवक स्वर्गीय विद्या रतन भसीन जी की पुण्य स्मृति में पूर्ण करते हुए समाज को यह फ्रीज़र समर्पित किया गया।
इस अवसर पर दीदी दिव्या भसीन ने स्व. विद्या रतन भसीन जी के व्यक्तित्व को स्मरण करते हुए कहा कि वे एक सच्चे जनसेवक थे, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जनता की सेवा, सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों के लिए समर्पित कर दिया। उनका जीवन सादगी, संवेदनशीलता और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का प्रतीक रहा है।
समाजजनों ने इस सेवा कार्य को स्व. विद्या रतन भसीन जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताते हुए कहा कि यह मॉर्चरी फ्रीज़र समाज के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी और जरूरत के समय परिवारों को बड़ी राहत प्रदान करेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित समाज के वरिष्ठजनों और युवाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाजहित में एक अनुकरणीय कदम बताया। परिचय सम्मेलन के साथ-साथ यह अवसर समाज की एकजुटता और सेवा भावना को भी मजबूती देने वाला साबित हुआ।
