समाज को दी 26 लाख की सौगात; सीमेंट प्लांट समेत सियासी मुद्दों पर बोले,
पंथी नृत्य बालिकाओं को 50 हजार रुपए वेशभूषा और वाद्ययंत्र के लिए दिए,
खैरागढ : शूरवीर राजा गुरु बालकदास की 221वीं जयंती के अवसर पर राजा गुरु बालकदास समिति केसीजी एवं समस्त सतनामी समाज के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को भव्य सतनाम शोभायात्रा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।। समारोह के दौरान ‘जय सतनाम’ के जयघोष से पूरा नगर गूंजता रहा।। सम्मान समारोह का आयोजन नगर के दिलीप सिंह मंगल भवन में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने अध्यक्षता की। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष गिरजानंद चंद्राकर, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू, किशुन दास मिर्चे राजमहंत एवं अध्यक्ष संचालक समिति, युवराज ढिडही अध्यक्ष सतनामी सेवा समिति राजनांदगांव, समाज के संरक्षक कमलेश कोठले एवं शत्रुघ्न घृतलहरे, बालकदास समिति के अध्यक्ष उमेश कोठले, गोपी वर्मा, दिनुप्रकाश भारती सहित भाजपा नेता और समाज के पदाधिकारी मौजूद रहे।।

आतिशबाजी के साथ किया स्वागत, पगड़ी पहनाकर किया सम्मान
उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा के समारोह स्थल पहुंचने पर समाज के पदाधिकारियों ने आतिशबाजी एवं फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया। मंच पर समाज की परंपरा के अनुसार उन्हें पगड़ी पहनाई गई और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।। कार्यक्रम में मौजूद अन्य अतिथियों का भी समाज की ओर से सम्मान किया गया।।
समाज की मांग पर भवन और जैतखाम के लिए घोषणा
सम्मान समारोह के दौरान सतनामी समाज की मांगों पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने जिला मुख्यालय खैरागढ़ में सतनामी समाज के भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये तथा ग्राम पंचायत मंडला में मॉडल जैतखाम निर्माण के लिए करीब 6 लाख रुपये देने की घोषणा की। घोषणाओं के बाद समाजजनों ने उनका आभार जताया।
पंथी नृत्य के माध्यम से उप मुख्यमंत्री का स्वागत करने वाली बालिकाओं को भी विजय शर्मा ने 5,100 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी
इस दौरान बालिकाओं ने पंथी नृत्य की वेशभूषा एवं वाद्य यंत्रों के लिए सहायता की मांग रखी।।इस पर उप मुख्यमंत्री ने 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।।
सीमेंट प्लांट पर बोले- फिलहाल कोई कवायद नहीं
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से चर्चा के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने छुईखदान क्षेत्र के दनिया-अतरिया-हनईबन में प्रस्तावित श्री सीमेंट प्लांट को लेकर कहा कि किसानों के विरोध के बाद जनसुनवाई रद्द कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सीमेंट प्लांट को लेकर कोई कवायद नहीं चल रही है।
पुलिस भर्ती को लेकर चल रहे विरोध के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसी भर्ती प्रक्रिया में 4,500 लोगों की भर्ती हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर चर्चा की जा सकती है और अभ्यर्थियों को उचित मंच पर अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने अभ्यर्थियों को समझाने की पूरी कोशिश की है।
झीरम घाटी मामले पर कांग्रेस को घेरा
झीरम घाटी मामले में एनआईए जांच को लेकर कांग्रेस के विरोध पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि एनआईए की जांच सही नहीं होती तो क्या अदालत फैसला सुनाती। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो कांग्रेस हिडमा को अपना आदर्श बताती है, उसके नेताओं की ओर से इस मामले में टिप्पणी करना शोभा नहीं देता। उन्होंने कहा कि झीरम घाटी मामले की जांच अभी बंद नहीं हुई है, बल्कि जारी है। उन्होंने कहा कि जिसके पास भी मामले से जुड़े सबूत हैं, वह जांच एजेंसी के समक्ष प्रस्तुत कर सकता है।
‘जय सतनाम’ के जयघोष के साथ निकली शोभायात्रा
सम्मान समारोह के बाद दिलीप सिंह मंगल भवन से भव्य सतनाम शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। शोभायात्रा अंबेडकर चौक, नया बस स्टैंड, जय स्तंभ चौक, गोलबाजार होते हुए पुनः दिलीप सिंह मंगल भवन पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।पूरे शोभायात्रा मार्ग में समाजजन उत्साह के साथ ‘जय सतनाम’ के नारे लगाते रहे। राजा गुरु बालकदास की जयंती पर आयोजित इस आयोजन ने सामाजिक एकजुटता, परंपरा और सांस्कृतिक चेतना का संदेश दिया।।