दीपावली बनी सेवा का पर्व, आर्य समाज ने जगाया मानवता का दीप

भिलाई — दीपावली के पावन अवसर पर आर्य समाज की सेवा टीम ने फील परमर्थम फाउंडेशन में पहुँचकर मानवता की मिसाल पेश की। डॉ. अजय आर्य की प्रेरणा से आयोजित इस सेवा कार्य में श्रीमती हेमा सक्सेना और आचार्य अंकित शर्मा शास्त्री ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।

सेवा टीम ने सेक्टर 6 के साईं मंदिर क्षेत्र में बेसहारा और जरूरतमंद लोगों को मिठाई एवं धनराशि वितरित की। इसके बाद सेक्टर 8 स्थित वृद्ध आश्रम में 35 बुजुर्गों को दीपावली की मिठाई, बिस्कुट, नमकीन और आवश्यक सहायता प्रदान की गई। इस दौरान सेवा कार्य में भाग लेने वाली हेमा सक्सेना भावुक हो उठीं और उन्होंने कहा, “सच्चे हीरो वे हैं जो इन बुजुर्गों और बेसहारा लोगों की सेवा में जीवन समर्पित करते हैं। आज मिली आत्मिक संतुष्टि धन-वैभव से कहीं अधिक मूल्यवान है।”

फील परमर्थम फाउंडेशन, जिसे अमित राज ने 2018 में स्थापित किया, मानसिक और शारीरिक रूप से अस्वस्थ, बेघर तथा समाज से बिछुड़े हुए लोगों को आश्रय, भोजन और पुनर्वास सहायता प्रदान करता है। कोविड काल से लेकर आज तक यह संस्था हजारों जरूरतमंदों की मदद कर चुकी है।

डॉ. अजय आर्य ने कहा, “दीपावली का सच्चा अर्थ है दूसरों के जीवन में भी उजाला फैलाना। जब हम बेसहारा और पीड़ितों की सेवा करते हैं, तभी दीप पर्व का संदेश पूर्ण होता है।”

समाज के सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस दीपावली सेवा भाव के साथ जरूरतमंदों के जीवन में उजाला फैलाएं और प्रेम, दया तथा करुणा का संदेश पूरे समाज में फैलाएं।

सेवा कार्य में सहयोग देने वालों में शिपि आर्य, दिव्या देशपांडे, परमवीर भला, गोपाल आर्य, रवि आर्य, सुदर्शन गुप्ता, राजकुमार भला, कमलेश आर्य, प्रकाश डोनेट, अनुपमा उपाध्याय, पुष्पा बड़ा, प्रतिष्ठा मिश्रा, जवाहरलाल सरपाल लक्षय आदि शामिल थे।

Exit mobile version