प्रभारी भगत के दौरे से नई ऊर्जा का संचार – दीपक बैज

बस्तर बाढ़ पर सरकार पर निशाना, बिजली सत्याग्रह की अवधि बढ़ाई

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आज पत्रकारों से चर्चा में कहा कि प्रभारी सुखदेव भगत के दो दिवसीय प्रवास से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। भगत ने संगठनात्मक बैठकों, पत्रकार वार्ता और आंदोलन में भाग लिया, पीसीसी कार्यों की समीक्षा की और आगामी महीनों की कार्ययोजना पर विमर्श किया।

बस्तर में तबाही, मुख्यमंत्री का दौरा खानापूर्ति – बैज

बैज ने कहा कि बस्तर संभाग में बारिश और बाढ़ से तबाही हुई है। 571 गांव पूरी तरह बर्बाद, 22 हजार से अधिक लोग प्रभावित और 8 लोगों की मौत हुई है। घर, राशन, किताबें, दस्तावेज सब बर्बाद हो गए। सरकार की राहत में मुस्तैदी नहीं दिखी। मुख्यमंत्री का बस्तर-सुकमा दौरा खानापूर्ति रहा। प्रभावित परिवारों को सिर्फ 10 हजार की सहायता घोषित की, जो SDM-तहसीलदार भी कर सकते हैं।

कांग्रेस ने मांग की है कि सरकार बाढ़ प्रभावितों और पुल-पुलिया, सड़क, इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए विशेष राहत पैकेज दे। पिछले साल टूटे पुल-पुलिया और सड़कें आज तक नहीं बनीं।

बिजली सत्याग्रह – फार्म भरने की अवधि एक माह बढ़ी

बैज ने बताया कि बढ़े बिजली दाम, स्मार्ट मीटर के विरोध और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना की मांग को लेकर कांग्रेस गांव-वार्ड-ब्लॉक स्तर पर आम लोगों से फार्म भरवा रही है। सांगठनिक ट्रेनिंग के चलते अब यह अभियान पूरे अक्टूबर माह तक चलेगा। इसके बाद फार्म बिजली ऑफिस में जमा कर पावती ली जाएगी और पावतियों के साथ मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।

Exit mobile version