00 भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने निगम चुनावों को लेकर ली अहम बैठक
00 महापौर, विधायक सहित सारे पदाधिकारी बूथ स्तर पर लेंगे जिम्मेदारी
भिलाई नगर। नगर निगम भिलाई एवं रिसाली में होने वाले चुनाव को देखते हुए भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने सोमवार, 11 जून को पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की अहम बैठक ली। बैठक में महापौर नीरज पाल, विधायक देवेंद्र यादव सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने अपनी बात रखी। बैठक इस नतीजे पर पहुंची की जितने भी पदाधिकारी हैं वह सभी बूथ स्तर पर कमेटियों की जिम्मेदारी लें। बूथ स्तर पर हर गली, हर घर, पहुंचा जाए और लोगों के बीच कांग्रेस की रीति नीति का प्रचार प्रसार किया जाए। लोगों को पार्टी से जोड़ा जाए और जो भी विकास कार्य हुए हैं उनसे उन्हें अवगत करा जाए। साथ ही भाजपा शासन काल में हो रही परेशानियों से उन्हें अवगत कराया जाए।
बैठक की शुरुआत करते हुए अध्यक्ष चंद्राकर ने कहा कि 6 माह बाद होने वाले भिलाई नगर निगम एवं रिसाली नगर निगम चुनाव में एक बार फिर किस तरह जीत हासिल किया जाए उसकी रूपरेखा तैयार करने हम आज बैठे हैं। बैठक में उपस्थित वरिष्ठ नेता पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपना अपना सुझाव दें ताकि जमीन स्तर पर किस तरह कार्य किया जाए। हम एक बार फिर दोनों निगमों में शहर सरकार बनाने संकल्पित हैं।

पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का स्पष्ट कहना था कि कांग्रेस कहीं से भी कमजोर नहीं है। कार्यकर्ता मेहनती हैं। बस हमें थोड़ा चिंतन करने की जरूरत है। बूथ से लेकर जिला स्तर तक कार्य करने की जरूरत है। इसके लिए सभी को जिम्मेदारी दी जाए। पदाधिकारियों का कहना था कि कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट है और उत्साही हैं। उन्हें पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी वे पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करेंगे। निगम चुनाव जीतने हम सभी पूरा दम लगा देंगे। कदम से कदम मिलाकर चलेंगे। कई पदाधिकारियों का कहना था कि हर वार्ड में जनसुनवाई का कार्यक्रम किया जाना चाहिए ताकि पब्लिक हमसे जुड़ सके।
कुछ कार्यकर्ताओं ने असंतोष भी जताया कि कुछ लोग ठीक चुनाव के पहले सक्रिय होते हैं और टिकट ले जाते हैं। उसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखते, इसके कारण बाद में कार्यकर्ताओं को फील्ड में दिक्कतें आती हैं। इससे पार्टी की छवि को काफी नुकसान होता है। पार्टी जिसे टिकट देना चाहे दे लेकिन पहले उसकी ईमानदारी और पार्टी के प्रति निष्ठा को देख ले।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक देवेंद्र यादव ने अपने बूथ का अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी लेने की घोषणा करते हुए कहा कि कांग्रेस के सारे पदाधिकारी बूथ की जिम्मेदारी लें। साथ ही पार्टी के जो वरिष्ठ लोग हैं उन्हें भी बूथ की जिम्मेदारी दी जाए। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को विश्वास दिलाया कि हम कहीं से कमजोर नहीं हैं बस हमें अपनी बात लोगों तक सच्चाई से पहुंचना है। साथ ही भाजपा द्वारा चलाए जा रहे प्रोपेगेंडा से लोगों को सावधान करना है।
महापौर नीरज पाल ने अपनी बात रखते हुए कहा कि पिछले ढाई वर्ष से, जब से भाजपा की सरकार प्रदेश में आई है जहां कांग्रेस के महापौर हैं वहां-वहां सारे कार्य ठप्प हो चुके हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समय हमें फंड की कोई कमी नहीं थी इसलिए निगम के सभी वार्डों में खूब काम किया गया। लेकिन भाजपा सरकार के आते ही पूर्व की सभी योजनाएं रद्द कर दी गई, सारे विकास कार्य रोक दिए गए, महापौर निधि और पार्षद निधि तक रोक दी गई। भाजपा सरकार पूरे बदले की भावना से कार्य कर रही है ऐसे में आज लोग परेशान हैं। इस बात को हमें जनता तक पूरी ईमानदारी से पहुंचाना होगा।
बैठक को नीता लोधी, बृजमोहन सिंह, सीजू एंथोनी, चंद्रकांत कोरे,भूपेश यादव, दिनेश पटेल, जोहन सिन्हा, दिनेश पटेल, अली हुसैन सिद्दीकी, भूपेन्द्र यादव सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।