आवास निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, कलेक्टर ने तकनीकी सहायकों से मांगी सप्ताहभर की प्रगति

VBGRAMG के स्वीकृत कार्यों पर दो दिनों के भीतर मस्टर रोल जारी कर ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश,

खैरागढ़ : कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं ग्रामीण विकास कार्यों की समीक्षा बैठक लेकर आवास निर्माण कार्यों की प्रगति का तकनीकी सहायकवार मूल्यांकन किया। बैठक में उन्होंने पिछले एक सप्ताह के लिए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रत्येक तकनीकी सहायक से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और लक्ष्य के मुकाबले हुए कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।।

समीक्षा के दौरान सभी तकनीकी सहायकों ने अपने-अपने क्षेत्र में आवास निर्माण की प्रगति से अवगत कराया।। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि आगामी सप्ताह में आवास निर्माण कार्यों में और अधिक गति लाई जाए तथा अधिक से अधिक आवासों को पूर्ण कर हितग्राहियों को शीघ्र लाभान्वित किया जाए।। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए गुणवत्ता एवं समय-सीमा दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए।। बैठक में कलेक्टर ने VBGRAMG के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी स्वीकृत कार्यों के लिए दो दिवस के भीतर शत-प्रतिशत मस्टर रोल जारी किए जाएं, ताकि ग्रामीणों को समय पर रोजगार उपलब्ध हो सके और विकास कार्यों में तेजी आए।।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल ने कहा कि सभी तकनीकी सहायक एवं मैदानी अमला निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए लंबित आवासों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराएं।। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग, हितग्राहियों से सतत संपर्क तथा निर्माण सामग्री एवं श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आवास निर्माण और रोजगार सृजन दोनों कार्यों में अपेक्षित प्रगति हासिल की जा सके।।

बैठक में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। आवास निर्माण, रोजगार सृजन एवं ग्रामीण विकास से जुड़े सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित लक्ष्य समय पर पूर्ण किए जाएं, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से मिल सके।।

Exit mobile version