(यतेंद्र जीत सिंह “छोटू” जिला ब्यूरो चीफ खैरागढ़)
खैरागढ़ : नगर के प्रमुख मार्गों पर स्ट्रीट लाइटें बंद रहने से शहर अंधेरे में डूबा हुआ है।। बीते दो महीनों में रात्रि के समय हुई भीषण सड़क दुर्घटनाओं और लगातार हो रही मौतों को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार शाम अनोखा विरोध प्रदर्शन किया।। कांग्रेस ने भाजपा शासित नगर पालिका और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में सिविल लाइन स्थित पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक दिवंगत राजा देवव्रत सिंह की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर स्मरण करने के बाद दुर्गा चौक से कैंडल मार्च निकालते हुए कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा तक पहुंचे।। यहां 20 वार्डों में व्याप्त अंधेरे के प्रतीक स्वरूप 20 कैंडल जलाकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया गया।।
नगर का 20 वार्ड अंधेरे में, जिम्मेदार कौन?
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने आरोप लगाया कि नगर के पूरे 20 वार्डों सहित स्टेट हाईवे पर भी स्ट्रीट लाइट व्यवस्था चरमरा गई है।। रात के समय आम नागरिक, विशेषकर महिलाएं, खुद को असुरक्षित महसूस करती हैं।। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही दुर्घटनाएं और मौतें प्रशासन की उदासीनता का परिणाम हैं। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन और भाजपा की नगर पालिका अध्यक्ष को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा से अधिक भाजपा नेतृत्व को कमीशनखोरी की चिंता है। नगर की बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी कर केवल राजनीति की जा रही है।

रैली के दौरान ही हुआ हादसा
विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने भी भाजपा सरकार और नगर पालिका प्रशासन पर तीखा हमला बोला।। उन्होंने बताया कि कैंडल मार्च के दौरान ही अंधेरे के कारण एक मोटरसाइकिल सवार गाय से टकरा गया और बड़ी दुर्घटना होते-होते बची।। उन्होंने कहा कि शहर में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं,जिनमें लोगों की जान गई है।। खराब प्रकाश व्यवस्था इन दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रही है।। भाजपा सरकार को राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर जमीन पर काम करना चाहिए।।
प्रशासन को दी चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही नगर के सभी 20 वार्डों और मुख्य मार्गों पर विद्युत व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई ,तो जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।। शहरवासियों ने भी मांग की है,कि नगर पालिका प्रशासन तत्काल बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर शहर में समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करे ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और नागरिक सुरक्षित वातावरण में आवागमन कर सकें।।
कैण्डल मार्च में नगर पालिका परिषद के नेताप्रतिपक्ष व पार्षद दीपक देवांगन सहित शेखर दास वैष्णव, पूरन सारथी, रविन्द्र सिंह गहरवार, भरत चंद्राकर, सूर्यकांत यादव, संदीप लहरे, महेश यादव, मनीष सारथी, राहुल बंजारे, विलास सारथी, सिद्धांत सिंह, राजा लहरे, हरिदर्शन डीमर, नरेश सिन्हा, विनोद सिन्हा, अजय देवांगन, जितेंद्र रजक एवं अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।।