दुर्ग। पीएम केंद्रीय विद्यालय दुर्ग में 14 नवंबर 2025 को पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती एवं बाल दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ विद्यालय के संस्था प्रमुख एवं प्राचार्य श्री उमाशंकर मिश्र द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान प्राचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “पंडित नेहरू बच्चों को देश का उज्ज्वल भविष्य मानते थे। उनके विचार आज भी शिक्षा, संवेदना और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के निर्माण में मार्गदर्शक हैं। हमें नेहरू के आदर्शों सत्यनिष्ठा, करुणा, प्रगतिशीलता तथा राष्ट्रीय चेतना को अपने जीवन में अपनाकर देश निर्माण में योगदान देना चाहिए। बाल दिवस केवल मनोरंजन का अवसर नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को संवेदनशील, जागरूक और सशक्त बनाने का संकल्प दिवस भी है।

प्राचार्य ने बच्चों को आत्मविश्वास, अनुशासन, कौशल एवं नैतिक मूल्यों को अपने व्यक्तित्व में विकसित करने की प्रेरणा दी और विद्यालय द्वारा हो रहे नवाचारों एवं गतिविधियों की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के अगले चरण में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें लगभग 250 विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रांतों, राष्ट्रीय नायकों, स्वतंत्रता सेनानियों, सामाजिक चरित्रों एवं सांस्कृतिक व्यक्तित्वों की वेशभूषा धारण कर उनकी विचारधारा एवं संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। बच्चों की रचनात्मकता, उत्साह और अभिव्यक्ति की सभी ने सराहना की।
इसके पश्चात समूह नृत्य प्रतियोगिता हुई, जिसमें चारों सदनों के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
त्रिशूर मंडप नृत्य मार्गदर्शन: एस.वी.एस., मेघा यादव
छत्तीसगढ़ का सुवा नृत्य मार्गदर्शन: नितिन एम., उर्वशी
हरियाणवी लोकनृत्य मार्गदर्शन: मोनिका, शिल्पा ओझा
राजस्थानी कालबेलिया नृत्य मार्गदर्शन: गुरलीन कौर, ज्योति जायसवाल
छात्रों की मनमोहक प्रस्तुतियों को अतिथियों एवं अभिभावकों द्वारा अत्यंत सराहनीय कहा गया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में धन्यवाद ज्ञापन प्राथमिक विभाग की वरिष्ठ शिक्षिका नीना खत्री द्वारा प्रस्तुत किया गया। सम्पूर्ण आयोजन की रूपरेखा नीति यादव, प्रभारी पाठ्य सहगामी क्रियाकलाप एवं प्राथमिक शिक्षक, द्वारा तैयार की गई।