भिलाई नगर। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज, भिलाई के प्रतिनिधिमंडल ने आज कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी से सौजन्य भेंट की। चेम्बर प्रदेश महामंत्री अजय भसीन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री चौधरी को गाइडलाइन एवं रजिस्ट्री शुल्क में व्याप्त विसंगतियों से अवगत कराते हुए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया। भसीन ने बताया कि भिलाई एवं दुर्ग क्षेत्र में कई स्थानों की गाइडलाइन एक जैसी निर्धारित कर दी गई है, जबकि वास्तविक बाजार मूल्य अलग-अलग है। इसके अलावा, पहले मार्गों को मुख्य मार्ग, पहुँच मार्ग और भीतरी गलियों के रूप में वर्गीकृत किया जाता था, लेकिन अब केवल मुख्य मार्ग और अंदर मार्ग में विभाजन किया जा रहा है। इस कारण गाइडलाइन गलत तय हो रही है, जिसे सुधारना आवश्यक है।
मंत्री चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल को सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि सभी बिंदुओं का गहन अध्ययन कर विसंगतियों को दूर किया जाएगा। साथ ही उन्होंने भिलाई चेम्बर द्वारा 19 दिसंबर को आयोजित होने वाले चेम्बर गौरव दिवस कार्यक्रम के आमंत्रण को स्वीकार किया। इस अवसर पर चेम्बर के पदाधिकारी अनिल जोतसिंघानी, सुनील मिश्रा, शंकर सचदेव, सरमद इमाम सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे




