गृह ग्राम मुरा में जश्न का माहौल, मिश्रा की नियुक्ति पर बाँटी गई मिठाइयाँ

मुरा गाँव में खुशी की लहर, गणेश शंकर मिश्रा की नियुक्ति पर जश्न; युवाओं ने बताया प्रेरणादायक, बुजुर्गों ने कहा – गांव का बढ़ा मान

रायपुर/मुरा। छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष पद पर सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी गणेश शंकर मिश्रा की नियुक्ति तथा इस पद को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिए जाने की खबर मिलते ही उनके गृह ग्राम मुरा में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने इसे पूरे गांव और क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताते हुए मिठाई बांटी और एक-दूसरे को बधाई दी।

गांव के चौक-चौराहों पर लोगों ने एकत्र होकर मिश्रा की प्रशासनिक उपलब्धियों को याद किया और कहा कि गांव से निकले व्यक्ति को राज्य स्तर पर इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना पूरे क्षेत्र का सम्मान है। बुजुर्गों ने कहा कि मिश्रा हमेशा अपने मूल गांव से जुड़े रहे हैं, इसलिए उनकी यह उपलब्धि गांव के हर परिवार की खुशी बन गई है।

स्थानीय युवाओं ने इसे प्रेरणा का स्रोत बताते हुए कहा कि सार्वजनिक सेवा और परिश्रम से कोई भी व्यक्ति ऊंचाई हासिल कर सकता है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि कैबिनेट मंत्री दर्जे के साथ यह जिम्मेदारी मिलना दर्शाता है कि राज्य सरकार मिश्रा के अनुभव पर भरोसा करती है।

दिनभर गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा और लोगों ने उम्मीद जताई कि मिश्रा अपने नए दायित्व में भी प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Exit mobile version