Thursday, March 5, 2026

नवाचार एवं गुणवत्ता के लिए भिलाई इस्पात संयंत्र की टीम ‘स्पर्श’ ने जीता पार एक्सीलेंस अवार्ड;

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ विभाग के अंतर्गत संचालित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र की क्वालिटी सर्किल टीम ‘स्पर्श’ ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 21 दिसंबर 2025 को ग्रेटर नोएडा में आयोजित “क्वालिटी सर्किल नेशनल कन्वेंशन” में ‘पार एक्सीलेंस’ पदक प्राप्त कर सेल–भिलाई इस्पात संयंत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।
इस उपलब्धि पर 02 जनवरी 2026 को जे.एल.एन. चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी कार्यालय में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह के दौरान टीम ‘स्पर्श’ के सदस्यों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) डॉ. विनीता द्विवेदी को ‘पार एक्सीलेंस’ ट्रॉफी भेंट की। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर, डॉ. उदय कुमार एवं महाप्रबंधक (रखरखाव और सेवाएं) शाहिद अहमद विशेष रूप से उपस्थित रहे।
क्वालिटी सर्किल टीम ‘स्पर्श’ में फैसिलिटेटर के रूप में सहायक महाप्रबंधक (सीएस एंड ए) बी. आर. ढोके, टीम लीडर लखन यादव तथा सदस्य वी. पी. कोलारे, महेंद्र कुमार, श्रीधर जोशी एवं संतोष कुमार शामिल हैं।
टीम ने प्रतियोगिता के दौरान जे.एल.एन. चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र में नेबुलाइज़र मशीन के प्रभावी एवं बार-बार सफल उपयोग विषय पर एक प्रभावशाली केस स्टडी प्रस्तुत की, जिसे निर्णायकों द्वारा अत्यंत सराहा गया। इस अध्ययन के अंतर्गत श्वास संबंधी रोगों के उपचार हेतु ऑक्सीजन सप्लाई आधारित नेबुलाइज़ेशन तकनीक को विकसित किया गया है, जिसका पिछले दो वर्षों से सफलतापूर्वक एवं निरंतर उपयोग किया जा रहा है।
यह तकनीक अपनी तरह की अनूठी एवं नवाचारपूर्ण पहल है, जिसमें टीम द्वारा इन-हाउस मॉडिफिकेशन करते हुए एक नया ‘स्पर्श’ मॉडिफाइड इंस्ट्रूमेंट विकसित किया गया है। इस नवाचार से न केवल रोगियों को अधिक सुरक्षित, प्रभावी एवं किफायती उपचार उपलब्ध हो रहा है, बल्कि चिकित्सालय की कार्यकुशलता एवं सेवा गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इस अभिनव प्रयास को राष्ट्रीय मंच पर विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों द्वारा व्यापक सराहना प्राप्त हुई।

ताज़ा ख़बरें

खबरें और भी हैं...

अतिरिक्त ख़बरें