भिलाई। नगर पालिक निगम, भिलाई, जोन क्रमांक-02 द्वारा कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर संज्ञान लेते हुए, वार्ड क्रमांक 22 कुरूद में महत्वपूर्ण विकास कार्यों और नहर/तालाबों के किनारे से अतिक्रमण हटाने की दिशा में कार्यवाही की जा रही है।
कैनाल पाथवे और विकास कार्य (एसीसी चौक से कुरूद तक)
जसप्रीत सिंह द्वारा कलेक्टर जनदर्शन (आवेदन क्रं.-2100225005326) एवं वार्ड पार्षद श्रीमती अनिता साहू द्वारा प्रस्तुत आवेदनानुसार, एसीसी चौक से लेकर कुरूद शीतला तालाब तक नहर की जमीन से अतिक्रमण हटाकर ‘स्मार्ट सिटी’ की तर्ज पर कैनाल पाथवे निर्माण, नहर की सफाई, पेवर ब्लॉकिंग, फैसिंग, बैठने की व्यवस्था और ओपन जिम तैयार करने की मांग की गई है।
कार्यवाही:
अतिक्रमण पर सूचना: नहर के किनारे किए गए अवैध निर्माण को हटाने के लिए अनुविभागीय अधिकारी तांदुला जल संसाधन उपसंभाग क्रमांक-4, दुर्ग के पृष्ठांकन पत्र के अनुसार, विभिन्न आर.डी. (2600, 2100, 2700) में कुल 13 कब्जाधारियों को स्वतः कब्जा हटाने हेतु सूचना पत्र जारी किया गया है।
विकास कार्य की स्थिति: नहर सीमा का सीमांकन कराकर कब्जा मुक्त करने और शासन से विकास कार्य कराने की अनुमति प्राप्त होने पर ही कैनाल पाथवे निर्माण एवं अन्य विकास कार्य प्रस्तावित किए जाएंगे।
नहर की सफाई: निगम द्वारा नहर की सफाई समय-समय पर की जाती है और ग्रीष्म ऋतु में विशेष सफाई कराकर तालाबों में पानी का भराव कराया जाता है।
नकटा तालाब के सौंदर्याकरण और अतिक्रमण मुक्ति पर प्रगति
वार्ड 22 कुरूद पटवारी हल्का के शासकीय खसरा नं. 1348 (नकटा तालाब) की सुरक्षा, अतिक्रमण मुक्ति और रायपुर मरीन ड्राइव की तर्ज पर सौंदर्याकरण हेतु कलेक्टर जनदर्शन (पत्र क्रं.-2100225005327) में आवेदन प्राप्त हुआ था।
कार्यवाही:
अतिक्रमण मुक्ति: पूर्व में शिकायत के आधार पर अवैध निर्माण पर कार्यवाही कर अतिक्रमण हटाया गया था. सौंदर्याकरण कार्य की स्वीकृति मिलने और कार्यादेश के उपरांत, अतिक्रमण हटाकर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
सौंदर्याकरण का प्रस्ताव: नकटा तालाब के सौंदर्याकरण हेतु राज्य प्रवर्तित मद के अंतर्गत राशि ₹43.05 लाख का प्रस्ताव तैयार कर राशि मांग हेतु शासन को पत्र (दिनांक 24.02.2025) प्रेषित किया गया है।
अन्य प्रस्तावित कार्य: इसी मद के अंतर्गत वार्ड क्र. 22 कुरूद के लिए घासीदास नगर तालाब (₹23.65 लाख) और ढौर तालाब (₹58.76 लाख) का सौंदर्याकरण/उन्नयन तथा विश्वबैंक कॉलोनी में गार्डन निर्माण (₹70.00 लाख) सहित कुल ₹195.46 लाख के कार्यों की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव भेजा गया है।
जोन आयुक्त, जोन-02, नगर पालिक निगम भिलाई ने आवेदक जसप्रीत सिंह को सूचित किया है कि आवेदन पर अग्रिम कार्यवाही शासन से अनुमति प्राप्त होने के उपरांत ही की जावेगी




