Wednesday, March 4, 2026

​निगम आयुक्त ने किया भिलाई जोन-1 का सघन निरीक्षण…

​नाला गहरीकरण, सुगम यातायात और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर दिए कड़े निर्देश

​भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय द्वारा जोन-1 नेहरू नगर क्षेत्रांतर्गत विभिन्न विकास कार्यों एवं व्यवस्थाओं का जमीनी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोसा नाला बाउंड्रीवॉल निर्माण, एस.एल.आर.एम. सेंटर और संजय नगर नाला सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों का जायजा लिया।

​आयुक्त ने सुपेला थाना के पीछे स्थित कोसा नाले का निरीक्षण करते हुए कहा कि वर्षा ऋतु में अत्यधिक बारिश के कारण यहाँ जलभराव की स्थिति निर्मित होती है। नागरिकों को इस समस्या से राहत दिलाने के लिए नाले के गहरीकरण एवं चौड़ीकरण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। भिलाई क्षेत्र में कोसा नाला पर रिटेनिंग वॉल का निर्माण एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजना है। इसका मुख्य उद्देश्य मानसून के दौरान जलभराव को रोकना और आसपास की बस्तियों को बाढ़ से बचाना है। साथ ही, उन्होंने नाले के किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को चिह्नित कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

​​आयुक्त ने एस एल आर एम सेंटर का अवलोकन कर कार्यरत महिला कर्मचारियों से चर्चा की। उन्होंने प्रतिदिन की उपस्थिति पंजी की जाँच की और स्वच्छता कार्य में निरंतरता बनाए रखने के निर्देश दिए।

​संजय नगर वार्ड-6 में स्थित पुराने नाले के निरीक्षण के दौरान रिटेनिंग वॉल का अवलोकन किया गया। इस रिटेनिंग वॉल से वर्षा ऋतु में जल भराव की स्थिति निर्मित नहीं होगी ।
​​निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि नेहरू नगर सूर्या मॉल चौक के पास व्यापारियों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण सड़क बाधित हो रही है, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। आवागमन को सुगम बनाने के लिए लेफ्ट फ्री करने की योजना है, जोकि ट्रांसफार्मर और अतिक्रमण के कारण लंबित है। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए निगम आयुक्त ने जोन आयुक्त अजय राजपूत और सहायक राजस्व अधिकारी सुनील जोशी को सुगम यातायात सुनिश्चित करने हेतु तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया गया है।
​​इस भ्रमण के दौरान कार्यपालन अभियंता संजय अग्रवाल, उप अभियंता पुरूषोत्तम सिन्हा, बसंत साहू, रीमा जामुलकर, एवं जोन स्वच्छता निरीक्षक कमलेश द्विवेदी सहित अन्य निगम अधिकारी उपस्थित रहे।

ताज़ा ख़बरें

खबरें और भी हैं...

अतिरिक्त ख़बरें