अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के निवास पर होली मिलन समारोह का रंगारंग आयोजन
एक दूसरे को रंग गुलाल लगाकर दी बधाई और गले लगाया
पदाधिकारियों ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू के साथ उनके निवास पर खेली होली
भिलाई नगर। होली पर्व के अवसर पर भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के निवास पर बुधवार, 4 मार्च को होली मिलन समारोह का रंगारंग आयोजन हुआ। कार्यक्रम में पहुंचे कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जमकर होली खेली। सभी ने एक दूसरे को रंग गुलाल लगाया और बधाई दी। फाग गीत और होली के फिल्मी गानों पर सभी ने जमकर ठुमके लगाए। अध्यक्ष श्री चंद्राकर भी अपने आप को रोक नहीं पाए। नगाड़े और ढोल की धुन पर वह भी खूब नाचे।

समारोह के विशिष्ट अतिथि थे रिसाली नगर निगम के सभापति केशव बंछोर। उनके पहुंचने पर अध्यक्ष श्री चंद्राकर एवं कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों ने उनका पुष्पगुच्छ से स्वागत किया और गुलाल लगाकर होली की शुरुआत की। धमाल मचाने के लिए नगाड़े और ढोल का इंतजाम था। फाग गीत और होली के फिल्मी गीतों पर कमेटी के पदाधिकारी खूब झूमे, खूब नाचे।
समारोह में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे पर रंगों की बौछार कर जमकर होली खेली। आधे घंटे की होली के बाद यह पहचानना मुश्किल हो गया कि कौन पदाधिकारी है और कौन कार्यकर्ता। स्थिति यह थी कि अध्यक्ष श्री चंद्राकर और विशिष्ट अतिथि बंछोर भी पहचान में नहीं आ रहे थे। इस अवसर पर स्वल्पाहार का भी आयोजन था जिसका सभी ने लुत्फ उठाया।
इस अवसर पर अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि यह त्यौहार सिर्फ रंगों का नहीं बल्कि भाईचारे, अपनापन, प्यार और सौहार्द का संदेश देता है। ईश्वर से प्रार्थना है कि आपकी जिन्दगी का हर दिन,आने वाला पल, प्यार, सुख, समृद्धि,आनंद, कामयाबी और सेहत के रंगों से सरोबर हो जाए।
यहां कार्यक्रम समापन के पश्चात कमेटी के सभी पदाधिकारी प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भिलाई तीन स्थित निवास पहुंचे और वहां उन्होंने मुख्यमंत्री को रंग गुलाल लगाकर उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने सभी पदाधिकारियों को होली पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी का जीवन सुख शांति, समृद्धि, सकारात्मक और सौभाग्य के रंगों से आलोकित रहे, ईश्वर से उनकी यही कामना है। पदाधिकारी इसी तरह मिलजुल कर पार्टी को मजबूत करें। श्री बघेल के निवास से निकलने के पश्चात सारे पदाधिकारी पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू के निवास पर पहुंचे और उन्हें रंग लगाकर उनका आशीर्वाद लिया।