Sunday, January 18, 2026

पी. एम. श्री केंद्रीय विद्यालय में संविधान दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित

संविधान सभी को समानता का अधिकार देता है: पुष्पा बड़ा

दुर्ग। पी. एम. श्री केंद्रीय विद्यालय, दुर्ग में 26 नवंबर 2025 को संविधान दिवस के उपलक्ष्य में विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह संपूर्ण आयोजन केंद्रीय विद्यालय मुख्यालय के निर्देशानुसार संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपप्राचार्य पुष्पा बड़ा ने की। विद्यालय के शिक्षक डी.के. यादव, तोशन लाल साहू, आशुतोष सिंह, सीमा शर्मा, श्वेता भूरे, बिंदु साहू, वसुधा तिवारी और अमरनाथ सिंह विविध कार्यक्रमों के प्रभारी रहे।

प्रार्थना सभा की शुरुआत संविधान दिवस संविधान शपथ के साथ हुई। विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान की रक्षा, राष्ट्रीय एकता, कर्तव्यपरायणता और लोकतांत्रिक मूल्यों के पालन का संकल्प लिया। छात्रों को यह बताया गया कि संविधान शपथ केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि नागरिक उत्तरदायित्व का सशक्त प्रतीक है, जो समानता, न्याय और स्वतंत्रता के मूल्यों को हृदय में स्थापित करता है।

इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा संविधान की प्रस्तावना का बहुभाषीय वाचन किया गया, जिसने भारतीय लोकतंत्र की विविधता, समावेशिता और एकता को सार्थक रूप से प्रस्तुत किया। प्रार्थना सभा के दौरान मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों पर विशेष चर्चा की गई। यह समझाया गया कि अधिकारों का वास्तविक अर्थ तभी पूर्ण होता है जब नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें।

विद्यालय के विभिन्न कक्षाओं में पोस्टर मेकिंग गतिविधि आयोजित की गई। छात्रों ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व और धर्मनिरपेक्षता जैसे संवैधानिक मूल्यों पर प्रभावी पोस्टर तैयार किए। इसके अतिरिक्त विद्यालय परिसर में संविधान जागरूकता रैली निकाली गई, जिसका नेतृत्व एम. के. बोरकर, एम. के. भारद्वाज और आशुतोष सिंह ने किया। रैली के माध्यम से छात्रों ने संविधान के सिद्धांतों और नागरिक कर्तव्यों का संदेश जन सामान्य तक पहुँचाया।

संविधान आधारित ज्ञानवर्धक क्विज प्रतियोगिता का संचालन साईं सूर्यांश और नैतिक द्वारा किया गया। क्विज के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान निर्माण, संविधान सभा, मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य, नीति निदेशक तत्व और भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारभूत संरचना से अवगत कराया गया। यह गतिविधि विद्यार्थियों के संवैधानिक ज्ञान को समृद्ध करने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हुई।

कार्यक्रम के समापन पर उपप्राचार्य पुष्पा बड़ा ने सभी गतिविधियों और प्रभारी शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि संविधान दिवस का उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना, राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को प्रबल करना है, और विद्यालय द्वारा आयोजित सभी कार्यक्रम इस उद्देश्य को सफलतापूर्वक पूरा करते हैं।

कार्यक्रम में में एमके भारद्वाज, एमके बोरकर, डी.के. यादव, तोशन लाल साहू, आशुतोष सिंह, सीमा शर्मा, श्वेता भूरे, बिंदु साहू, वसुधा तिवारी और अमरनाथ सिंह आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ताज़ा ख़बरें

खबरें और भी हैं...

अतिरिक्त ख़बरें