Saturday, January 17, 2026

दुर्गा पूजा समितियों को डेढ़ लाख आर्थिक मदद देने पार्षद गीते ने उठाई आवाज

जनहित के मुद्दे पर गीते मुखर, सीएम साय को लिखा पत्र

दुर्ग। कसारीडीह वार्ड क्रमांक-42 के निर्दलीय पार्षद प्रकाश गीते ने जनहित के मुद्दे को लेकर आवाज बुलंद की है। इन मुद्दों में नवरात्र पर प्रत्येक दुर्गा पूजा समिति को डेढ़ लाख रुपए की वित्तीय सहायता देने, बिजली बिलों व टैक्स में छूट, डॉग हाउस योजना की शुरुआत, पार्षद निधि में वृद्धि गरीब वर्ग के चिन्हांकन के लिए फिर से सर्वे करने, दुर्ग शहर के विकास के लिए प्राथमिकता के साथ राशि आबंटन की मांगे शामिल है। इसे लेकर निर्दलीय पार्षद प्रकाश गीते द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र प्रेषित कर जनता से जुड़े मांगो को जल्द पूरा कर राहत पहुंचाने की मांग की गई है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को प्रेषित पत्र के माध्यम से निर्दलीय पार्षद प्रकाश गीते ने कहा है कि पश्चिम बंगाल सरकार ने सभी दुर्गा पूजा पंडाल समिति को वित्तीय सहायता डेढ़ लाख देने का फैसला किया है। पश्चिम बंगाल की तर्ज पर छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार भी प्रत्येक दुर्गा पूजा पंडाल समिति को डेढ़ लाख की सहायता राशि उपलब्ध करवाए। जिससे दुर्गा पूजा पंडाल समिति को आयोजन में मदद मिलेगी और धार्मिक पर्व को बढ़ावा व प्रोत्साहन मिलेगा। इसके अलावा गीते ने कहा है कि बिजली बिलों एवं टैक्स में छूट प्रदान की जाए। जनता को पहले हाफ बिजली बिल योजना का लाभ मिल रहा था, लेकिन इस महीने से हाफ बिजली बिल योजना का लाभ बंद हो गया है। जिससे जनता परेशान है।

गीते ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार दिल्ली सरकार ने डॉग हाउस पर योजना बनाना शुरू कर दिया है। छत्तीसगढ़ में भी यह योजना शुरू की जानी चाहिए। जिससे छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में कुत्तों के काटने की घटना को रोका जा सकेगा। उन्होने कहा है कि पिछले दो वर्षों से पार्षद निधि 6 लाख की बजाय 3 लाख मिल रहा है। इस राशि से कोई बड़ा विकास कार्य कर पाना संभव नहीं है। इसलिए पार्षद निधि में बढ़ोतरी समय की मांग है। इसके अलावा गीते ने पत्र के माध्यम से 2007 और 2008 की सर्वे सूची गरीबी रेखा कार्डधारी के लिए अनिवार्यता को बंद करने की मांग की है और फिर से सर्वे करवाए जाने पर जोर दिया गया है। उन्होने दुर्ग शहर के सभी वार्डों में विकास कार्यों हेतु राशि आबंटन की मांग भी की है।

ताज़ा ख़बरें

खबरें और भी हैं...

अतिरिक्त ख़बरें