00 दुर्ग भिलाई पुलिस द्वारा “जन मित्र योजना” की बैठक में लिया गया निर्णय
00 पुलिस से डरने की जरूरत नहीं हम आपके दोस्त हैं : सुखनंदन राठौर
भिलाई नगर। शांति नगर, वार्ड 14 के पार्षद अभिषेक मिश्रा की पहल पर दुर्ग भिलाई पुलिस द्वारा 1 मई को दशहरा मैदान में “जन मित्र योजना” की बैठक की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य था वार्ड के लोगों के नजदीक पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनना और उनका निराकरण करना। वार्ड के लोगों की सर्वाधिक परेशानी दशहरा मैदान में शाम होते ही नशाखोरी को लेकर थी। मुख्य अतिथि के रूप में पधारे एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने इस समस्या का तत्काल हल निकाला और अपने मातहत अधिकारियों को दशहरा मैदान की रूटीन चेकिंग का आदेश दिया। बैठक में ही सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने सीआरपीएफ के पांच जवानों की ड्यूटी दशहरा मैदान में लगाने की बात कही जो शाम होते ही दशहरा मैदान की रूटीन चेकिंग करेंगे। वार्डवासियों ने करतल ध्वनि से इसका स्वागत किया।
बैठक में वार्ड के लोगों ने एक-एक कर अपनी समस्याएं बताई। जिसमें सर्वाधिक परेशानी दशहरा मैदान में हो रही नशाखोरी को लेकर ही थी। लोगों का कहना था कि शाम होते ही अनजान युवक इस मैदान में पहुंच जाते हैं और खुलेआम शराब का सेवन करते हैं। यह युवक इस वार्ड के न होकर दूर दराज जगहों से आते हैं। खासकर हॉस्टल में रहने वाले युवक ही ज्यादा होते हैं।किसी ने इन्हें रोकने रोकने की कोशिश की तो वह लड़ाई झगड़े पर उतर जाते हैं। दशहरा मैदान में हो रही शराब खोरी के चलते वार्ड के लोगों का शाम को दशहरा मैदान में जाना लगभग बंद हो गया है। सड़क से गुजरने वालों को भी शर्मिंदगी उठानी पड़ती है।

जन मित्र योजना की बैठक में उपस्थित वैशाली नगर थाना प्रभारी प्रभात मिश्रा का कहना था कि उन्हें लगातार यह शिकायत मिल रही है। जब हम युवकों को पकड़ने जाते हैं तो उनका कहना रहता है कि हम यहीं आसपास रहते हैं और यूं ही टहलने निकले हैं। ऐसी स्थिति में उन्हें कार्रवाई करने में काफी दिक्कत आती है। उन्होंने बैठक में उपस्थित पैरेंट्स से अनुरोध किया कि वह जागरूक हों और अपने बच्चों को दशहरा मैदान में जाने से रोके।
बैठक में सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने वर्तमान में हो रहे साइबर ठगी को काफी विस्तृत रूप से बताया तथा बुजुर्गों और महिलाओं को इनसे सावधान रहने के उपाय बताएं। साइबर क्राइम, यातायात से संबंधित परेशानी होने पर उन्होंने इसके लिए जारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी तथा कहा कि पुलिस से बिल्कुल ना डरे। कोई भी समस्या हो तत्काल पुलिस से संपर्क करें, उनकी समस्या का हल निकलेगा।
बैठक के मुख्य अतिथि एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने कहा कि हम आज यहां आप सभी लोगों को अपना दोस्त बनाने आए हैं। आप लोगों को पुलिस से डरने की बिलकुल जरुरत नहीं है हम भी आप लोगों की तरह ही है। पुलिस से बिल्कुल ना डरे और अपनी समस्या बेझिझक होकर बताएं। हेल्पलाइनो का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इन नंबरों को सेव करके रख लें और कभी भी किसी मुश्किल में पड़े तत्काल हमें याद करें, हम आपकी मदद के लिए ही हैं।
पार्षद अभिषेक मिश्रा का कहना था कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच जो दूरी है उसे कम करना था। अक्सर देखा जाता है कि लोग पुलिस थाना जाने से हिचकते हैं कि वहां कोई सुनवाई नहीं होगी तथा उनसे कई सवाल किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमें पुलिस से किसी प्रकार भी डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस हमारी मदद के लिए ही है। बैठक में सैकड़ों की संख्या में वार्डवासी उपस्थित हुए।